जैसे ही बारिश का मौसम आता है, तो कंपनी के बॉस और कर्मचारी के बीच की चैट वायरल हो जाती है। भारत में मानसून एक्टिव हो गया, जिसके बाद से भारी बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव हो गया है। ऐसे समय में स्कूल और ऑफिस जाने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कॉर्पोरेट कर्मचारियों को तो किसी भी हालत में ऑफिस पहुंचना होता है। सोशल मीडिया पर एक चैट वायरल हो रही है, जिसमें पुणे का एक कर्मचारी अपने बॉस को मैसेज करता है कि “सर… बारिश की वजह से सड़कें बंद हैं। इसलिए मैं आज नहीं आ पाऊंगा।” तो बॉस ने भी कह दिया कि आओ जैसे भी आना है।
क्या अब नौकरी छोड़ दे?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर कर्मचारी के दोस्त ने चैट शेयर की है। चैट में एंप्लॉय अपने बॉस को WhatsApp पर मैसेज करता है कि “हेलो सर…बारिश की वजह से रोड बंद हैं, मैं आज ऑफिस नहीं आ पाऊंगा।” इसपर बॉस रिप्लाई करता है कि “देखो, तुम पब्लिक ट्रांसपोर्ट से आ जाओ, मैं छुट्टी अप्रूव नहीं कर सकता। हम सब भी ट्रेवल करके काम पर आए हैं। कुछ लोग लोकल ट्रेन से भी काम पर आए हैं। तुम भी चाहे रिक्शा लो या उबर, लेकिन आओ।” कर्मचारी ने अपने दोस्त और उसके बॉस की चैट को पोस्ट करते हुए लिखा है कि ‘क्या अब नौकरी छोड़ दे?’
लोगों ने दी मजाकिया प्रतिक्रिया
देखते ही देखते ये पोस्ट वायरल हो गया। लोगों ने इसपर अपनी जमकर प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, ‘खराब मौसम में उनके ऑफिस में सभी को घर से काम करने के लिए कहा जाता है।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘ऐसी कंपनी का नाम बताओं ताकि लोग वहां नौकरी करने से पहले जान सकें कि कर्मचारियों के साथ कैसा व्यवहार होता है।’ वहीं तीसरे यूजर ने लिखा, ‘मेरे बॉस ने 6 हजार रुपये महीने की इंटर्नशिप पर भी ये ही कहा था, मैंने जवाब दिया कि अगर इतनी सैलरी में उबर का खर्च निकल जाए, तो जरूर आ जाऊंगा।’
वहीं पांचवे यूजर ने टॉन्ट कसते हुए लिखा कि ‘तुम डूब जाओ, लेकिन कंपनी को मत डूबने दो।’ तमाम लोग पोस्ट पर इसी तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं और अपने साथ हुए अनुभव को भी साझा कर रहे हैं।






















