ओडिशा: विवाहेतर संबंध के शक में पत्नी की हत्या, कटक का युवक गिरफ्तार

Summary :

भूवनेश्वर, 1 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के कटक जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को अपनी 28 वर्षीय पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि हत्या की वजह विवाहेतर संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद था। आरोपी की पहचान कटक जिले के टांगी थाना क्षेत्र के भाटीमुंडा गांव निवासी मलय कुमार सामल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मलय जगतसिंहपुर जिले के बालिकुडा इलाके में राजमिस्त्री का काम करता था। कुछ साल पहले उसकी मुलाकात बनिता सेठी से हुई थी। दोनों के…

भूवनेश्वर, 1 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के कटक जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को अपनी 28 वर्षीय पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि हत्या की वजह विवाहेतर संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद था।

आरोपी की पहचान कटक जिले के टांगी थाना क्षेत्र के भाटीमुंडा गांव निवासी मलय कुमार सामल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मलय जगतसिंहपुर जिले के बालिकुडा इलाके में राजमिस्त्री का काम करता था। कुछ साल पहले उसकी मुलाकात बनिता सेठी से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद दोनों ने बालिकुडा के एक मंदिर में शादी कर ली।

शादी के बाद दोनों करीब दो साल तक जगतसिंहपुर में साथ रहे।

करीब डेढ़ साल पहले मलय, बनिता को अपने पैतृक घर ले जाने का बहाना बनाकर कटक ले आया लेकिन उसने बनिता का परिचय अपने परिवार से नहीं कराया। इसके बजाय दोनों को टांगी थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रख दिया।

इस दौरान बनिता इलाके की एक निजी संस्था में काम करती थी और घर चलाने में आर्थिक सहयोग भी करती थी।

पुलिस का कहना है कि कुछ महीने पहले बनिता की एक दूर की महिला मित्र उनके घर रहने आई थी। इसी दौरान मलय और उस महिला के बीच कथित तौर पर विवाहेतर संबंध बन गए।

इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे और घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

जांचकर्ताओं का मानना है कि लगातार हो रहे विवाद और रिश्ते में बढ़ती खटास ही इस हत्या की वजह बनी।

पुलिस के मुताबिक, मलय ने बुधवार को कथित तौर पर बनिता का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को एक बोरे में भरकर सबूत छिपाने के इरादे से मेंढाखाई नदी के किनारे दफना दिया।

शनिवार को बनिता के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मलय को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान मलय ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को नदी किनारे से बनिता का शव बरामद कर बाहर निकाला।

पुलिस को शक है कि इस हत्या में बनिता की महिला मित्र भी शामिल हो सकती है। उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

–आईएएनएस

एएमटी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.