सात साल से सुवेंदु अधिकारी की परछाई बनकर रहे चंद्रनाथ रथ, छात्र जीवन में बनना चाहते थे संन्यासी

Summary :

कोलकाता, 7 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में एक चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई। परिवार वालों का कहना है कि वह छात्र जीवन से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति के थे और एक समय उन्होंने संन्यासी बनने की इच्छा भी जताई थी। पूर्वी मिदनापुर जिले के रहने वाले चंद्रनाथ रथ (42 ) भारतीय वायुसेना के पूर्व कर्मी थे। पूर्वी मिदनापुर सुवेंदु अधिकारी अधिकारी का भी गृह जिला है। उनका परिवार लंबे समय से अधिकारी परिवार के करीब रहा था। जब सुवेंदु अधिकारी टीएमसी में थे, तब यह परिवार उनके साथ ही रहा।…

कोलकाता, 7 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में एक चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई। परिवार वालों का कहना है कि वह छात्र जीवन से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति के थे और एक समय उन्होंने संन्यासी बनने की इच्छा भी जताई थी।

पूर्वी मिदनापुर जिले के रहने वाले चंद्रनाथ रथ (42 ) भारतीय वायुसेना के पूर्व कर्मी थे। पूर्वी मिदनापुर सुवेंदु अधिकारी अधिकारी का भी गृह जिला है। उनका परिवार लंबे समय से अधिकारी परिवार के करीब रहा था। जब सुवेंदु अधिकारी टीएमसी में थे, तब यह परिवार उनके साथ ही रहा। बाद में 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हो गए थे।

करीब 18 साल तक भारतीय वायुसेना में सेवा देने के बाद रथ ने 2019 में स्थायी रूप से सुवेंदु अधिकारी के पूर्णकालिक सहयोगी और निजी सहायक के रूप में काम शुरू किया। उस समय अधिकारी, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री थे।

2021 विधानसभा चुनाव से पहले जब सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हुए, तब भी चंद्रनाथ रथ उनकी परछाई की तरह उनके साथ रहे। 2021 में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराकर जीतने के बाद अधिकारी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने और उन्होंने रथ को अपना निजी सहायक चुना।

सुवेंदु अधिकारी के व्यस्त कार्यक्रम तय करने से लेकर फाइलों की देखभाल तक, बैठकों की तैयारी कराने से लेकर फोन संभालने तक, पिछले सात वर्षों में चंद्रनाथ रथ सुवेंदु अधिकारी के राजनीतिक जीवन का अहम हिस्सा बन गए थे।

इस साल विधानसभा चुनाव से पहले मीडिया और अधिकारी के करीबी लोगों के बीच यह चर्चा थी कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है और सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो चंद्रनाथ रथ निश्चित रूप से मुख्यमंत्री के कार्यकारी सहायक बनाए जाएंगे।

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। सुवेंदु अधिकारी ने दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी को हराने के साथ-साथ अपनी पारंपरिक नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.