कटरा से बनिहाल के बीच तेज होगा सफर, 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी वंदे भारत

Summary :

जम्मू, 20 अगस्त (आईएएनएस)। वंदे भारत ट्रेन ने कटरा और बनिहाल के बीच दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल चिनाब ब्रिज पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाई है। जम्मू के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने गुरुवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रफ्तार बढ़ने से सफर का समय कम होगा और जम्मू-कश्मीर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इस फैसले से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब कटरा से बनिहाल…

जम्मू, 20 अगस्त (आईएएनएस)। वंदे भारत ट्रेन ने कटरा और बनिहाल के बीच दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल चिनाब ब्रिज पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाई है। जम्मू के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने गुरुवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि रफ्तार बढ़ने से सफर का समय कम होगा और जम्मू-कश्मीर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इस फैसले से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब कटरा से बनिहाल के बीच ट्रेनें 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी। यह 111 किलोमीटर लंबा नया ब्रॉडगेज रेल सेक्शन उत्तर रेलवे के जम्मू डिवीजन के तहत श्री माता वैष्णो देवी कटरा और बनिहाल को जोड़ता है।

इससे पहले कटरा-संगलदान सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 85 किमी प्रति घंटा थी और संगलदान-बनिहाल सेक्शन पर 75 किमी प्रति घंटा थी। उत्तरी रेलवे ने बताया कि सभी जरूरी सुरक्षा शर्तों को पूरा करने के बाद ही रफ्तार बढ़ाने की मंजूरी दी गई है। संगलदान-बनिहाल सेक्शन उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

रफ्तार बढ़ने से अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल तक पहुंचने में लगने वाला समय और कम हो जाएगा। जम्मू-कश्मीर में बना चिनाब रेल पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल है और रेल इंजीनियरिंग का कमाल माना जाता है।

यह पुल चिनाब नदी के तल से 359 मीटर यानी 1,178 फीट ऊपर है। यह पेरिस के एफिल टॉवर से भी 35 मीटर ऊंचा है। पुल की लंबाई 1,315 मीटर है। इसे स्टील और कंक्रीट से बने आर्च पुल के रूप में बनाया गया है ताकि यह तेज हवाओं और भूकंप को झेल सके।

चिनाब ब्रिज उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट के तहत जम्मू को कश्मीर घाटी से जोड़ने के लिए 272 किलोमीटर नया ट्रैक बिछाया गया है।

जम्मू से बारामूला तक कुल रेल लाइन की लंबाई लगभग 324 से 345 किलोमीटर है, जो शुरू और अंत के जंक्शन के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है। वंदे भारत ट्रेन के इस नए रिकॉर्ड से उम्मीद है कि घाटी तक पहुंच आसान होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

–आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.