दिवाली पर गुजरात में फायर सर्विस 24 घंटे अलर्ट पर, इमरजेंसी हेल्पलाइन 101 सक्रिय

Summary :

अहमदाबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के त्योहार के दौरान पटाखों से जुड़ी आपातकालीन स्थितियों को लेकर चिंता को देखते हुए अहमदाबाद के सभी 18 फायर स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, गुजरात फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग ने राज्य के प्रमुख शहरों में चौबीसों घंटे काम करने वाली रिस्पॉन्स टीमों को स्टैंडबाय पर रखा है। व्यवस्था के तहत अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा, सूरत, भावनगर और जामनगर के नगर निगम क्षेत्रों में पहले से मौजूद ‘डायल 112’ सेवा के साथ-साथ एक अस्थायी आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर ‘101’ भी शुरू किया गया है। इस कदम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आपातकालीन…

अहमदाबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के त्योहार के दौरान पटाखों से जुड़ी आपातकालीन स्थितियों को लेकर चिंता को देखते हुए अहमदाबाद के सभी 18 फायर स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, गुजरात फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग ने राज्य के प्रमुख शहरों में चौबीसों घंटे काम करने वाली रिस्पॉन्स टीमों को स्टैंडबाय पर रखा है।

व्यवस्था के तहत अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा, सूरत, भावनगर और जामनगर के नगर निगम क्षेत्रों में पहले से मौजूद ‘डायल 112’ सेवा के साथ-साथ एक अस्थायी आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर ‘101’ भी शुरू किया गया है।

इस कदम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। अहमदाबाद में घनी आबादी वाले इलाकों जैसे कालू पुर, रिलीफ रोड, लाल दरवाजा और बापू नगर में ‘मिस्ट टेक्नोलॉजी’ (पानी की बारीक फुहार वाली तकनीक) से लैस मोटरसाइकिलें और त्वरित प्रतिक्रिया वाहन तैनात किए गए हैं।

एसजी हाईवे, सिंधुभवन रोड और एसपी रिंग रोड पर पानी के टैंकरों के साथ कर्मचारी स्टैंडबाय पर रहेंगे। शहर के सभी 18 फायर स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

अन्य शहरों में भी इसी तरह की व्यवस्था की गई है। जूनागढ़ में अग्निशमन टीमों के साथ 120 कर्मचारी छह स्थानों, जिनमें गिरनार गेट, दौलतपारा फायर स्टेशन, आजाद चौक, झांसी की रानी चौक, झंजारदा चौकड़ी और मधुरम गेट शामिल हैं, पर 12 घंटे की शिफ्ट में स्टैंडबाय पर रहेंगे।

भावनगर में 118 कर्मचारियों को 11 स्थानों पर 12 घंटे की शिफ्ट में तैनात किया जाएगा। इन स्थानों में घोघा गेट, संस्कार मंडल, जवाहर मैदान और खारगेट शामिल हैं, जहां आवश्यक आपातकालीन वाहन भी मौजूद रहेंगे।

जामनगर में नौ स्थानों पर व्यवस्था की गई है। इनमें तीन मुख्य फायर स्टेशन (मेन फायर स्टेशन, जनता फाटक और बेदी) और चार अस्थायी स्टेशन (समर्पण सर्कल, डीकेवी सर्कल, राधिका स्कूल के पास और साधना कॉलोनी रोड) शामिल हैं।

दरबारगढ़ सर्कल और रंगमती नदी के किनारे स्थित पटाखा बाजार में भी अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। यहां आपातकालीन वाहनों के साथ कुल 130 कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।

गांधीनगर में सेक्टर 17, सरगासन, भाट और रंधेजा स्थित चार फायर स्टेशनों पर फायर टेंडर और पानी के टैंकरों सहित कुल 27 फायर और आपातकालीन वाहन चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे। वडोदरा में शहर के अलग-अलग हिस्सों में दमकल गाड़ियों और पानी के टैंकरों से लैस टीमें तैनात रहेंगी, जबकि राजकोट के सभी 10 फायर स्टेशनों पर अग्निशमन टीमें और आपातकालीन वाहन स्टैंडबाय पर रहेंगे।

इसके अतिरिक्त, विभाग ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि वे पटाखे केवल खुली और सुरक्षित जगहों पर ही जलाएं। ज्वलनशील पदार्थों से दूर रहें और यह सुनिश्चित करें कि पटाखे जलाते समय बच्चों के साथ कोई बड़ा व्यक्ति मौजूद हो।

विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे त्योहार मनाते समय अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और जरूरी सावधानियां बरतें।

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने कहा कि वह त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। नागरिकों और शहरी इलाकों की सुरक्षा के लिए उनके कर्मचारी और उपकरण चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे।

–आईएएनएस

डीके/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.