मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में शुक्रवार को सीजेपी की ओर से आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भगवा रंग के मफलर पहने कुछ लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने लगे। मुंबई पुलिस की तत्परता के कारण दोनों पक्षों के बीच बड़ा टकराव टल गया।
शिवाजी पार्क में यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों के साथ कई प्रमुख लोग भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जांच, और चुनाव आयोग अधिनियम 2023 को वापस लेने की मांग शामिल थी।
प्रदर्शन के दौरान भगवा मफलर पहने कुछ लोग अचानक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने लगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और नारे लगाने वाले समूह के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। अचानक हुई नारेबाजी से कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई और दोनों समूह आमने-सामने आ गए।
मौके पर तैनात मुंबई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों समूहों को अलग किया। पुलिस ने नारे लगाने वाले लोगों को घेरकर प्रदर्शन स्थल से बाहर निकाला।
पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई और किसी बड़ी अप्रिय घटना या हिंसक टकराव को टाल दिया गया।
पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन स्थल पर व्यवस्था बहाल की और दोनों पक्षों के बीच दूरी बनाए रखी।
हालांकि,’जय श्री राम’ के नारे लगाने वाले लोगों के किसी राजनीतिक दल या संगठन से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।
–आईएएनएस
एएमटी/एमएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



