केरल: ऑफिस में पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला कर पति ने खुद को मारी गोली, मौके पर ही मौत

Summary :

इडुक्की, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल के इडुक्की जिले के कुझिथोलु में शुक्रवार सुबह 42 वर्षीय एक शख्स ने अपनी पत्नी पर उसके कार्यस्थल पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद, उसने पोस्ट ऑफिस के बाहर रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुझिथोलु पोस्ट ऑफिस में अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम करने वाली 35 वर्षीय श्रीजा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज कट्टाप्पना के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतक की पहचान इडुक्की के…

इडुक्की, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल के इडुक्की जिले के कुझिथोलु में शुक्रवार सुबह 42 वर्षीय एक शख्स ने अपनी पत्नी पर उसके कार्यस्थल पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद, उसने पोस्ट ऑफिस के बाहर रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुझिथोलु पोस्ट ऑफिस में अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम करने वाली 35 वर्षीय श्रीजा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज कट्टाप्पना के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतक की पहचान इडुक्की के रहने वाले 42 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह जब उसकी पत्नी काम पर पहुंची, तो संतोष भी लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि पोस्ट ऑफिस के अंदर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। बहस के दौरान, संतोष ने लोहे की रॉड से श्रीजा के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

श्रीजा के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों को अपनी ओर आते देख संतोष इमारत से बाहर निकला और रिवॉल्वर से अपने सिर में गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से श्रीजा को कट्टाप्पना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां सिर की गंभीर चोटों का इलाज चल रहा है।

पुलिस के शुरुआती आकलन के अनुसार, यह घटना पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद का नतीजा हो सकता है। पुलिस को शक है कि संतोष ने इस हमले की योजना पहले से ही बनाई होगी। पुलिस की जांच में पता चला है कि जिस रिवॉल्वर का इस्तेमाल किया गया, उसका कोई लाइसेंस नहीं था।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि संतोष को यह हथियार कहां से मिला और इसे हासिल करने में क्या कोई और भी शामिल था? कट्टाप्पना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, संतोष के शव को पोस्टमार्टम के लिए तालुक अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया।

सार्वजनिक कार्यस्थल पर हुए इस हमले और उसके बाद पोस्ट ऑफिस के बाहर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पिछले दो वर्षों से दोनों के रिश्ते कुछ खास अच्छे नहीं थे और तलाक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी।

–आईएएनएस

एसडी/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.