जम्मू: जन्मदिन की पार्टी में चेहरे पर केक लगाने को लेकर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या

Summary :

जम्मू, 18 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू से सनसनीखेज घटना सामने आई है। जन्मदिन की पार्टी में हुई कहासुनी के बाद एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि जम्मू में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान दोस्त के चेहरे पर केक लगाने पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की पुलिस चौकी ने जानीपुर पुलिस स्टेशन को सूचना दी कि पवन नायर उर्फ ​​समीर नाम के व्यक्ति को उसके दोस्त जॉन सोट्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी घायल हालत में वहां लाए थे और वहां…

जम्मू, 18 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू से सनसनीखेज घटना सामने आई है। जन्मदिन की पार्टी में हुई कहासुनी के बाद एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि जम्मू में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान दोस्त के चेहरे पर केक लगाने पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की पुलिस चौकी ने जानीपुर पुलिस स्टेशन को सूचना दी कि पवन नायर उर्फ ​​समीर नाम के व्यक्ति को उसके दोस्त जॉन सोट्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी घायल हालत में वहां लाए थे और वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मामले की जांच के लिए तुरंत जीएमसी जम्मू पहुंची। शुरुआती जांच से पता चला कि गुरुवार को नीरज उर्फ ​​अंशु लोअर रूप नगर के पास सड़क पर अपना जन्मदिन मना रहा था, जहां उसके दोस्त सोट्रा, गौरव सिंह, भट्टी और नायर भी मौजूद थे। नीरज के साथ उसका भाई रिशु भी था। केक काटते समय नायर ने नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

हालांकि दूसरों ने उन्हें शांत करने की कोशिश की लेकिन गुस्से में नीरज ने अपने पास रखा चाकू निकाला और नायर की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में दोस्त उसको तुरंत जीएमसी जम्मू ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जानीपुर पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू कर दी। दोनों आरोपियों (नीरज और उसके भाई रिशु) को पकड़ लिया गया है और वे अभी जानीपुर पुलिस स्टेशन में पुलिस हिरासत में हैं।

अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद किया जा रहा है। आगे की जांच जारी है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बयान में कहा गया, “जम्मू पुलिस कानून के अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त और समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाती है।”

यह घटना एक व्यक्ति की उसके घर पर गोली मारकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद सामने आई है। वह घटना रेशमगढ़ कॉलोनी में हुई थी और मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक शर्मा के रूप में हुई थी, जो पेशे से अखबार हॉकर था।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.