मणिपुर के सीएम ने एनसीसी कैडेट्स को किया सम्मानित, युवाओं के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

Summary :

इम्फाल, 14 मार्च (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने शनिवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ऐसा माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें युवा आगे बढ़ सकें और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। मुख्यमंत्री इम्फाल के डीएम कॉलेज परिसर में स्थित एनसीसी मैदान में राज्य के एनसीसी कैडेटों के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले राज्य के सात एनसीसी कैडेटों ने नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड और एनसीसी प्रधानमंत्री रैली में मणिपुर का प्रतिनिधित्व किया था। अपने संबोधन…

इम्फाल, 14 मार्च (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने शनिवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ऐसा माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें युवा आगे बढ़ सकें और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

मुख्यमंत्री इम्फाल के डीएम कॉलेज परिसर में स्थित एनसीसी मैदान में राज्य के एनसीसी कैडेटों के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इससे पहले राज्य के सात एनसीसी कैडेटों ने नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड और एनसीसी प्रधानमंत्री रैली में मणिपुर का प्रतिनिधित्व किया था।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सात कैडेटों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया है, उन्होंने हर मणिपुरी के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण है और सभी लोग इन उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं।

उन्होंने राज्य के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट एक नए मणिपुर के निर्माता हैं, जो शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और समृद्ध होगा। उन्होंने राज्य के भविष्य को आकार देने में योगदान देने के लिए इम्फाल स्थित एनसीसी समूह मुख्यालय के प्रयासों की सराहना भी की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कैडेटों द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने प्रथम मणिपुर वायु स्क्वाड्रन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर मुतुम संदीप सिंह के साथ यूनिट मुख्यालय में आयोजित एक फ्लाइट सिमुलेटर सत्र में भी भाग लिया।

समारोह में विधायक जॉयकिशन सिंह, डीएम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डब्ल्यू. चंदबाबू सिंह, ब्रिगेडियर विक्रांत कुलकर्णी सहित एनसीसी के कैडेट, अधिकारी और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा चुराचंदपुर और उखरुल जैसे पहाड़ी जिलों के लगभग 2,000 कैडेट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विधायक जॉयकिशन सिंह के साथ थांगमेइबंद विधानसभा क्षेत्र में स्थित खुथोकंगनबी उच्च प्राथमिक विद्यालय और गुरुकुल हिजाम दीवान जूनियर हाईस्कूल का निरीक्षण किया।

इसके साथ ही उन्होंने खंड्राकपम स्थित नौरेम बिरहारी कॉलेज का दौरा कर संस्थान की मौजूदा स्थिति का आकलन किया और वहां के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ संक्षिप्त बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने खुंड्राकपम में हंड्रेड फ्लावर स्कूल से सगोलमांग तक इम्फाल-सैकुल सड़क के सुधार कार्य का भी शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता चोंगथम बिस्वचंद्र सिंह, विभागीय अधिकारी और ठेकेदार भी उपस्थित रहे।

–आईएएनएस

एएसएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.