आदिवासी गौरव दिवस पर कोटद्वार में बहुउद्देशीय शिविर, बोक्सा समुदाय को मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी

Summary :

कोटद्वार, 1 नवंबर (आईएएनएस)। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार से हो गई, जो 15 नवंबर तक जारी रहेंगे। इसी क्रम में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने कोटद्वार के हल्दूखाता स्थित बोक्सा जनजातीय बालिका विद्यालय में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया। शिविर में स्थानीय प्रशासन, उद्यान, कृषि, जिला उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित करीब 15 सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से बोक्सा जनजाति के लोगों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने…

कोटद्वार, 1 नवंबर (आईएएनएस)। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार से हो गई, जो 15 नवंबर तक जारी रहेंगे। इसी क्रम में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने कोटद्वार के हल्दूखाता स्थित बोक्सा जनजातीय बालिका विद्यालय में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया।

शिविर में स्थानीय प्रशासन, उद्यान, कृषि, जिला उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित करीब 15 सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से बोक्सा जनजाति के लोगों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने नए आधार कार्ड बनवाने और पुराने आधार कार्ड में जानकारी अपडेट कराने में रुचि दिखाई। कार्यक्रम के दौरान उद्यान विभाग ने 20 लाभार्थियों को मुफ्त सब्जियों के बीज वितरित किए, जबकि कृषि विभाग ने सात लोगों को कृषि उपकरण प्रदान किए।

इसके अलावा दो लाभार्थियों को पीएम-किसान योजना का लाभ दिलाया गया तथा 20 लोगों के आधार कार्ड भी बनाए गए। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया। एसडीएम संदीप कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि शेष सभी समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

संदीप कुमार ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के तहत 1 से 15 नवंबर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य बोक्सा जनजाति के लोगों तक सरकारी योजनाओं और आवश्यक जनसेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय निवासी दीपा ने शिविर को बेहद लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि लोगों को आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के साथ-साथ कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की उपयोगी जानकारी भी मिली।

युवा प्रतिभागी देवांग ने भी इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि उन्होंने आय प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानी प्रशासन के सामने रखी है और उम्मीद जताई कि इसका जल्द समाधान होगा। यह शिविर ग्रामीण और जनजातीय समुदायों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

–आईएएनएस

एएसएच/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.