ओडिशा के राज्यपाल ने युवाओं से की ‘श्री अन्न’ अपनाने की अपील, बताया स्वास्थ्य और किसानों के लिए फायदेमंद

Summary :

भुवनेश्वर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम ने मंगलवार को लोगों, विशेषकर युवाओं, छात्रों और सरकारी कर्मचारियों से ‘श्रीअन्न’ (मोटे अनाजों) को अपने दैनिक आहार में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इनके उपयोग को बढ़ावा देने से जनस्वास्थ्य, किसानों और पर्यावरण को लाभ होगा। भुवनेश्वर में ‘श्रीअन्न और पारंपरिक बीज प्रणालियों को मजबूत करने पर आयोजित संगोष्ठी (सिम्पोजियम)-2026 का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा, “हर घर के भोजन में मंडिया (रागी), बाजरा, ज्वार और अन्य मोटे अनाज शामिल होने चाहिए। स्वस्थ खानपान की आदतें अपनाना न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए अच्छा है, बल्कि यह…

भुवनेश्वर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम ने मंगलवार को लोगों, विशेषकर युवाओं, छात्रों और सरकारी कर्मचारियों से ‘श्रीअन्न’ (मोटे अनाजों) को अपने दैनिक आहार में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इनके उपयोग को बढ़ावा देने से जनस्वास्थ्य, किसानों और पर्यावरण को लाभ होगा।

भुवनेश्वर में ‘श्रीअन्न और पारंपरिक बीज प्रणालियों को मजबूत करने पर आयोजित संगोष्ठी (सिम्पोजियम)-2026 का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा, “हर घर के भोजन में मंडिया (रागी), बाजरा, ज्वार और अन्य मोटे अनाज शामिल होने चाहिए। स्वस्थ खानपान की आदतें अपनाना न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए अच्छा है, बल्कि यह किसानों और हमारी कृषि परंपराओं के प्रति सम्मान भी दर्शाता है।”

भारत की कृषि विरासत में मोटे अनाजों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये फसलें सदियों से हमारे पारंपरिक खान-पान का अभिन्न हिस्सा रही हैं। ओडिशा में, विशेष रूप से आदिवासी और वर्षा आधारित क्षेत्रों में, मोटे अनाजों की खेती स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई है। मंडिया (रागी) को बढ़ावा देने से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी और साथ ही हमारी यह विरासत भी सुरक्षित रहेगी।

उन्होंने कहा कि मोटे अनाज खेती का एक टिकाऊ विकल्प हैं, क्योंकि इनमें कम पानी की जरूरत होती है, खेती की लागत कम आती है और ये विपरीत मौसमी परिस्थितियों को भी झेल सकते हैं। उन्होंने इनके पोषण मूल्यों जैसे कि भरपूर मात्रा में डाइटरी फाइबर और आवश्यक पोषक तत्व के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इनका नियमित सेवन मधुमेह, मोटापा और उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) जैसी जीवनशैली से जुड़ी बढ़ती बीमारियों के दौर में, लोगों को स्वस्थ खान-पान की ओर प्रेरित कर सकता है।

राज्यपाल ने ओडिशा के मोटे अनाजों को बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, वैल्यू एडिशन (मूल्य संवर्धन) और मार्केटिंग सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

पारंपरिक बीजों के संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने ‘सामुदायिक बीज बैंक’ बनाने, स्थानीय बीज किस्मों का दस्तावेजीकरण करने और उनके आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय बीज किस्में किसानों की पीढ़ियों के ज्ञान का प्रतीक हैं और कृषि जैव विविधता को बनाए रखने के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। आदिवासी समुदायों और महिला किसानों को पारंपरिक बीजों का प्रमुख संरक्षक बताते हुए, उन्होंने स्थानीय ज्ञान को आधुनिक विज्ञान, तकनीक और बेहतर बाजार पहुंच के साथ जोड़ने की वकालत की।

ओडिशा सरकार के ‘श्री अन्न अभियान’ और मोटे अनाजों (मिलेट्स) को बढ़ावा देने की केंद्र सरकार की पहलों की सराहना करते हुए, उन्होंने कहा कि पारंपरिक बीजों के संरक्षण, कृषि विविधता की रक्षा और किसानों की आय बढ़ाने के लिए किए गए सामूहिक प्रयास ‘विकसित ओडिशा 2036’ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देंगे।

उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट, एमएसएसआरएफ की चेयरपर्सन और पूर्व मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन, तथा ओयूएटी के कुलपति प्रो. प्रवत कुमार राउल ने भी इस संगोष्ठी को संबोधित किया।

–आईएएनएस

एएसएच/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.