लखनऊ, 10 नवंबर (आईएएनएस)। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) और जामिया मिलिया इस्लामिया को लेकर उत्तर प्रदेश के मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह की टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि दोनों विश्वविद्यालय देश के महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान हैं और इनकी वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन होता है। ऐसे में शिक्षा संस्थानों को लेकर इस तरह के बयान देना अफसोसजनक है। मौलाना ने एएमयू छात्र संघ अध्यक्ष नोमान अशरफ को मिली धमकी, अयोध्या में राम मंदिर जाने के अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम, दिवाली को लेकर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और इमरान मसूद के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी।
ठाकुर रघुराज सिंह की एएमयू और जामिया मिलिया इस्लामिया को लेकर की गई टिप्पणी पर मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि दोनों विश्वविद्यालय शिक्षा के बहुत महत्वपूर्ण संस्थान हैं। लोगों को यह जानकारी होनी चाहिए कि इन दोनों विश्वविद्यालयों की वजह से पूरे देश में भारत का नाम रोशन होता है। अगर गल्फ देशों की बात करें तो वहां इन दोनों विश्वविद्यालयों के सबसे अधिक विद्यार्थी नौकरियों में कार्यरत हैं। इससे न केवल इन विद्यार्थियों को रोजगार मिलता है, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है।
मौलाना ने कहा कि इन दोनों विश्वविद्यालयों का महत्व केवल विदेशों में काम कर रहे इनके विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। हर साल विश्वविद्यालयों की जो रैंकिंग जारी होती है, उसमें भी एएमयू और जामिया को शीर्ष विश्वविद्यालयों में शामिल किया जाता है। ऐसे समय में जब देश में शिक्षा को और बढ़ावा देने की जरूरत है, तब शैक्षणिक संस्थानों के बारे में इस तरह की टिप्पणियां करना उचित नहीं है। देश में शिक्षा की कमी को दूर करने के लिए तालीमी इदारों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। शिक्षा संस्थानों को आगे बढ़ाने और उनकी उपलब्धियों को सामने रखने की जरूरत है।
एएमयू छात्र संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नोमान अशरफ को मिली धमकी पर मौलाना ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हाल ही में छात्र संघ का चुनाव हुआ है। यह चुनाव विश्वविद्यालय के कानून, नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार संपन्न कराया गया है। विद्यार्थियों ने बाकायदा मतदान किया और अपने प्रतिनिधि का चुनाव किया है। जब चुनाव नियमों के मुताबिक हुआ है और छात्रों ने वोटिंग के जरिए अपना अध्यक्ष चुना है, तो किसी को भी इस तरह का बयान देने या धमकी देने का अधिकार नहीं है। किसी भी छात्र को मिली जिम्मेदारी का सम्मान किया जाना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया के परिणाम को स्वीकार किया जाना चाहिए।
अयोध्या में राम मंदिर जाने के अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम और उसके राजनीतिक मायनों पर मौलाना खालिद रशीद ने कहा कि यदि अखिलेश यादव राम मंदिर या किसी दूसरे धार्मिक स्थल पर जाते हैं, तो यह उनकी अपनी इच्छा है। उन्हें भी देश के दूसरे नागरिकों की तरह पूरी आजादी हासिल है कि वह जहां चाहें जाएं और जहां न चाहें वहां न जाएं। अखिलेश यादव हिंदू धर्म को मानते हैं। ऐसे में यदि वह अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार मंदिर जाते हैं तो इसमें मुसलमानों को किसी तरह की दिक्कत या परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसी व्यक्ति के धार्मिक स्थल पर जाने से नाराजगी पैदा करने की जरूरत नहीं है। हर नागरिक को अपने विश्वास और आस्था के अनुसार धार्मिक स्थान पर जाने की स्वतंत्रता है।
इस दौरे के राजनीतिक प्रभाव और गठबंधन पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अखिलेश यादव के मंदिर जाने से गठबंधन पर कोई फर्क पड़ेगा। गठबंधन बुनियादी उसूलों के आधार पर बनते हैं। ऐसे में किसी नेता के किसी धार्मिक स्थल पर जाने या न जाने को गठबंधन से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दिवाली को लेकर दिए गए बयान पर मौलाना ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। जब भी चुनाव नजदीक आते हैं तो राजनीतिक दलों के नेता जनता की तरक्की और विकास से जुड़े मुद्दे उठाने के बजाय धार्मिक मामलों को सामने लाने लगते हैं। इससे वोटों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश की जाती है।
उन्होंने कहा कि दिवाली हिंदू भाइयों का त्योहार है और वे अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार इसे मनाते हैं। देश का संविधान सभी नागरिकों को अपने-अपने धार्मिक विश्वास के मुताबिक त्योहार मनाने की पूरी कानूनी आजादी देता है। इसलिए किसी भी समुदाय के त्योहार या उसकी धार्मिक परंपराओं को लेकर विवाद खड़ा करना ठीक नहीं है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दिवाली पर टिप्पणी के संबंध में भी मौलाना ने इसी बात को दोहराया। उन्होंने कहा कि ईद हो या दिवाली, हर समुदाय अपना त्योहार अपने धर्म और आस्था के अनुसार मनाता है। मुसलमान ईद अपने मजहब के मुताबिक मनाते हैं और हिंदू भाई दिवाली अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मनाते हैं। सभी को एक-दूसरे के धार्मिक विश्वास और त्योहारों का सम्मान करना चाहिए।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



