भुवनेश्वर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए इंतजार की अवधि (वेटिंग पीरियड) खत्म करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब राज्य में कोई भी बुजुर्ग, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग या असहाय व्यक्ति सरकार से मिलने वाली सहायता से वंचित नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अब पात्र लाभार्थियों को ‘मधु बाबू पेंशन’ पाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इंतजार का दौर खत्म हो गया है। अब आपके अधिकारों के सम्मान का दौर शुरू हो गया है।”
मोहन चरण माझी बालेश्वर में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे, जहां उन्होंने ‘मधु बाबू पेंशन योजना’ के तहत ‘सैचुरेशन पहल’ (सभी पात्र लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने की पहल) की शुरुआत की और ‘यूनिफाइड पेंशन मैनेजमेंट पोर्टल’ (यूपीएमपी) का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य और जिला स्तर पर एक निश्चित कोटा तय कर रखा था, जिसकी वजह से किसी पात्र व्यक्ति को पेंशन तभी मिल पाती थी, जब पहले से पेंशन पा रहे किसी लाभार्थी की मृत्यु हो जाती थी।
उन्होंने इस व्यवस्था को असंवेदनशील और अमानवीय बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने इस प्रणाली को खत्म कर दिया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा के लाभों से वंचित न रहना पड़े।
इस ‘सैचुरेशन ड्राइव’ के तहत 5,05,817 और पात्र लोगों को इस योजना से जोड़ा गया है, जिससे लाभार्थियों की कुल संख्या बढ़कर 41,80,825 हो गई है। सरकार ने इन नए लाभार्थियों को शामिल करने के लिए सालाना बजट में 625 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया है।
माझी ने कहा कि 500-600 करोड़ रुपए का खर्च बुजुर्गों को परेशान करने या उन्हें उनके हक से वंचित रखने का कारण नहीं बनना चाहिए। यह राशि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सम्मान के लिए एक सार्थक निवेश है। नया लॉन्च किया गया यूपीएमपी पोर्टल पेंशन के लिए आवेदन करने और भुगतान की प्रक्रिया को सरल, तेज और अधिक पारदर्शी बनाएगा। पात्र आवेदक इस पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, या अपने नजदीकी ‘जन सेवा केंद्र’ या ‘ब्लॉक विकास अधिकारी’ (बीडीओ) के कार्यालय में जा सकते हैं।
आवेदन करने के अगले महीने से पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी। 80 वर्ष की आयु पूरी करने पर लाभार्थियों को बिना कोई नया आवेदन दिए, 3,500 रुपए की बढ़ी हुई मासिक पेंशन अपने आप मिलने लगेगी।
नए जुड़े लाभार्थियों को अक्टूबर और नवंबर की पेंशन एक साथ मिलेगी। 11 और 12 नवंबर को जिला स्तर पर वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद 13 और 14 नवंबर को ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम होंगे।
जो लोग इन कार्यक्रमों में अपनी पेंशन राशि नहीं ले पाएंगे, वे 25 नवंबर को अपनी संबंधित पंचायत या नगर कार्यालय से नगद राशि प्राप्त कर सकते हैं। दिसंबर से हर महीने की 15 तारीख को नियमित मासिक पेंशन का भुगतान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बालेश्वर जिले में 78 करोड़ रुपए की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 262 करोड़ रुपए की लागत वाली 42 परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
–आईएएनएस
एएसएच/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



