नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दीपावली से पहले देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार पूरे देश को रोशनी से जगमगा देता है और यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने बताया कि वह हर साल की तरह इस बार भी देश के बहादुर रक्षा कर्मियों के साथ दीपावली मनाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर ‘हैव ए ग्रेट दिवाली’ शीर्षक से एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर पूरा देश रोशनी से जगमगा उठता है। प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, कल्याण और समृद्धि लेकर आए। आप सभी की तरह मैं भी इस त्योहार को उत्साह के साथ मनाता हूं। हर साल की तरह इस बार भी मैं अपने बहादुर रक्षा कर्मियों के साथ दीपावली मनाऊंगा। एक बार फिर आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।”
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उपराष्ट्रपति ने शनिवार को उपराष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेताओं ने दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शनिवार को दीपोत्सव 2026 में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अपने दौरे के दौरान वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह संतों को सम्मानित भी करेंगे।
अयोध्या में शनिवार को आयोजित दीपोत्सव 2026 दीपावली से एक दिन पहले भव्य आयोजन के दसवें वर्ष का प्रतीक है। आयोजकों का लक्ष्य राम की पैड़ी और सरयू नदी के किनारे सहित 56 घाटों पर 30 से 33 लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाने का है।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



