नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में फिटनेस और खेलों में भारत की बढ़ती भागीदारी पर बात की। उन्होंने बताया कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत शुरू की गई ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल ने 100 संस्करण पूरे कर लिए हैं। साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों की हालिया उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई भी दी।
अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में बोलते हुए पीएम मोदी ने लोगों को साइकिलिंग को अपनी फिटनेस रूटीन का नियमित हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस पहल की बढ़ती लोकप्रियता के बारे में भी बात की, जिसे दिसंबर 2024 में शुरू किया गया था।
उन्होंने कहा, “साइकिलिंग एक्सरसाइज के लिए एक बेहतरीन तरीका है। मुझे खुशी है कि फिट इंडिया के ‘संडे ऑन साइकिल’ ने 100 संस्करण पूरे कर लिए हैं। दिसंबर 2024 में इसकी शुरुआत के बाद आज तक कोई भी ऐसा रविवार नहीं रहा, जब इसका आयोजन न हुआ हो। 30 हजार से ज्यादा स्थानों पर करीब 37 लाख लोग इससे जुड़ चुके हैं।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “एक और अच्छी खबर पुणे से आई है। यहां वर्ष 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप आयोजित होगी।”
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विभिन्न खेलों में भारत की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार नए मुकाम हासिल कर रहा है। फुटबॉल और बैडमिंटन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि भारतीय फुटबॉल टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार एसएएफएफ चैंपियनशिप जीती है, जबकि बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार ‘सुपर 500’ खिताब अपने नाम किए हैं।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि लक्ष्य सेन ‘कुमामोटो मास्टर्स’ जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने, जो भारतीय बैडमिंटन के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री ने भारत के प्रमुख बैडमिंटन खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए बताया कि पीवी सिंधु ने ‘हाइलो ओपन’ जीतकर देश की खेल उपलब्धियों में एक और खिताब जोड़ा है।
उन्होंने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ के आगामी 8वें संस्करण की ओर भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पीएम मोदी ने कहा, “हमारे युवा चैंपियंस के लिए एक और बड़ा मौका आने वाला है। तेलंगाना के छह शहरों में 11 से 22 दिसंबर तक 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन होगा। मैं सभी खिलाड़ियों और एथलीट को भी शुभकामनाएं देता हूं, ‘खेलते रहिए-खिलते रहिए’।”
देश के कई हिस्सों में सर्दियां शुरू हो रही हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपील की कि वे मौसम में बदलाव के बावजूद अपनी सेहत और फिटनेस का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए और नागरिकों को नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “देश के कई हिस्सों में सर्दियां शुरू हो गई हैं। बदलते मौसम में हमें अपनी फिटनेस का और भी ज्यादा ध्यान रखना है। फिट इंडिया मूवमेंट को हमें पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाते रहना है। खाने में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने का जो आग्रह मैंने आपसे किया था, उसे भी याद रखिएगा। मोटापा हमारे देश के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। हमें इसे नजरअंदाज कभी भी नहीं करना है। बढ़ता मोटापा कई तरह की बीमारियों को जन्म देता है। इसलिए, अपने खान-पान और एक्सरसाइज को लेकर हमेशा सजग रहना है।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



