नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन बिल को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने दावा किया है कि संविधान संशोधन दो तिहाई बहुमत के साथ होता है और हम तीन चौथाई बहुमत के साथ जीतेंगे।
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने आईएएनएस से कहा, “राहुल गांधी के बयान अनुचित हैं और झूठा नैरेटिव बनाने के प्रयास हैं। महिला आरक्षण पर उनकी टिप्पणी और लोकतंत्र खतरे में है, जैसे दावे उनके राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाते हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाने के प्रयासों को भी साजिश के रूप में दिखाया जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “भारत को अपनी विशाल आबादी का बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए और अधिक सांसदों की जरूरत है। संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने से लोकतंत्र मजबूत होगा, कमजोर नहीं होगा। महिला आरक्षण और अधिक प्रतिनिधित्व का विरोध करने वाले इस मुद्दे पर गलत पक्ष में हैं।”
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा महिला सशक्तीकरण और उनकी गरिमा पर जोर दिया है। उज्ज्वला और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाएं इस प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। संसद में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़कर करीब 300 सीटों तक पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि होगी।”
उन्होंने दावा किया कि संविधान संशोधन दो तिहाई बहुमत के साथ होता है, हम तीन चौथाई बहुमत के साथ जीतेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो साजिश है कि देश की महिलाओं को इस संसद में प्रतिनिधित्व नहीं मिले, उस साजिश को फेल करते हुए हमारे देश की महिलाओं को संसद और विधानसभा में भागीदारी मिले, इसलिए हम सब दृढ़ संकल्प हैं और हम तीन चौथाई बहुमत के साथ संविधान संशोधन करेंगे।
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “मैं दोहराते-दोहराते थक गया हूं, लेकिन फिर भी बोलना पड़ता है। राहुल गांधी जनता की नब्ज नहीं समझते। वे वही पुरानी धुन बजाते रहते हैं, और यही रवैया उनके खिलाफ काम करता है। मैंने कहा है कि इस मुद्दे पर तब तक चर्चा नहीं हो रही थी, जब तक यह सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बना और संसद में नहीं उठाया गया।”
उन्होंने कहा, “रही बात क्रेडिट लेने की तो आप सरकार को सपोर्ट कीजिए और क्रेडिट आप ले लीजिए कि मैं नहीं चाहता तो ये बिल नहीं पास होता।”
बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, “किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। हमारी सरकार की नीति एसटी और ओबीसी सहित सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करना है। सभी के हितों का ध्यान रखा जाएगा।”
–आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



