कोच्चि, 23 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मार्च को केरल के त्रिशूर से चुनाव प्रचार की शुरुआत कर सकते हैं। इससे भाजपा के नेतृत्व में एनडीए के प्रचार अभियान को जोरदार समर्थन मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी केरल के पूर्व सीएम करुरणाकरण की बेटी व भाजपा उम्मीदवार पद्मजा वेणुगोपाल के चुनाव अभियान में भाग लेंगे, जिसमें एक रोडशो भी शामिल है।
पद्मजा 2016 और 2021 में त्रिशूर सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार रही थीं और दोनों बार दूसरे स्थान पर रही थीं।
मई 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले, उन्होंने भाजपा जॉइन की और अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी के लिए प्रचार किया, जो अंततः सांसद बने।
दिलचस्प यह है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में गोपी पद्मजा के पीछे तीसरे स्थान पर रहे थे।
पार्टी सूत्रों ने सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री संभवतः पालक्कड़ में थोड़ी देर रुकने के बाद त्रिशुर पहुँचेंगे। हालांकि यात्रा विवरण की आधिकारिक तौर पर अभी पुष्टि होनी बाकी है।
पीएम का दौरा उस निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी की संभावनाओं को सक्रिय करने के उद्देश्य से है, जिसने हाल के चुनावी चक्रों में अधिक राजनीतिक ध्यान आकर्षित किया है।
पीएम मोदी और पद्मजा रोडशो के दौरान एक मंच साझा कर सकते हैं और इसे एनडीए के लिए मध्य केरल में एक प्रमुख अभियान के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पद्मजा वेणुगोपाल की उम्मीदवारी ने पहले ही चुनाव में राजनीतिक रोमांच जोड़ दिया है। इसमें उनकी पृष्ठभूमि और निर्वाचन क्षेत्र में बदलती चुनावी परिस्थितियां भी अहम हैं।
प्रधानमंत्री की उपस्थिति से अभियान को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है क्योंकि भाजपा उन क्षेत्रों में अपने प्रभाव को बढ़ाने की कोशिश कर रही है, जो पारंपरिक रूप से एलडीएप और यूडीएफ के प्रभुत्व वाले रहे हैं।
मतदान में अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं और केरल में राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी भी बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री मोदी का दौरा भाजपा की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, ताकि ताकत दिखाकर चुनावी संभावनाओं को बेहतर बनाया जा सके।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर आने वाले दिनों में और स्पष्टता मिलने की उम्मीद है।
–आईएएनएस
पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



