प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ मंदिर जाएंगे, वडोदरा में सरदार धाम परिसर का करेंगे उद्घाटन

Summary :

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वे गिर सोमनाथ व वडोदरा में कई धार्मिक, प्रशासनिक और सामुदायिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। पीएम नरेंद्र मोदी रविवार रात गुजरात के अपने दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए जामनगर पहुंचे। राज्य में उनके कार्यक्रमों से पहले जामनगर, सोमनाथ और वडोदरा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी सोमवार सुबह सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में हिस्सा लेंगे। यह महोत्सव मंदिर के…

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वे गिर सोमनाथ व वडोदरा में कई धार्मिक, प्रशासनिक और सामुदायिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी रविवार रात गुजरात के अपने दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए जामनगर पहुंचे। राज्य में उनके कार्यक्रमों से पहले जामनगर, सोमनाथ और वडोदरा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी सोमवार सुबह सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में हिस्सा लेंगे। यह महोत्सव मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद उसके उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। उनका ‘विशेष महापूजा’, ‘कुंभाभिषेक’ और ‘ध्वजारोहण’ समारोहों में शामिल होने का कार्यक्रम है। साथ ही, इस कार्यक्रम के दौरान वे एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे।

गुजरात और पश्चिम बंगाल में स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हालिया चुनावी जीत के बाद वडोदरा में एक रोड शो का भी आयोजन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस सार्वजनिक स्वागत कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बीते दिन बताया कि पूरे गुजरात के लोग प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

प्रधानमंत्री वडोदरा में ‘सरदार धाम भवन-3’ का भी उद्घाटन करेंगे। इसे श्री दुष्यंत और दक्षा पटेल कॉम्प्लेक्स के नाम से भी जाना जाता है। यह भवन राष्ट्रीय राजमार्ग-8ए पर वाघोडिया क्रॉसिंग के पास बना है। लगभग 150 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से निर्मित और लगभग 4.75 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैले कॉम्प्लेक्स में 278 आवासीय कमरे, एक एनआरआई गेस्ट हाउस, एक ई-लाइब्रेरी, एक करियर मार्गदर्शन केंद्र, ट्रेनिंग सेंटर और लगभग 1,000 लोगों की बैठने की क्षमता वाला हॉल शामिल है।

सामाजिक सुधारों में निभाई गई उनकी भूमिका को मान्यता देते हुए पाटीदार समुदाय के प्रमुख संगठनों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को ‘सरदार रत्न’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.