मेघालय: तुरा में अब हालात सामान्य की ओर, सीएम कॉनराड संगमा ने किया दौरा

Summary :

शिलांग, 12 मार्च (आईएएनएस)। मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले के तुरा में दो दिनों तक चली अशांति के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक तुरंत खाद्य सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और शहर के उन हिस्सों का निरीक्षण किया, जहां तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि अशांति के कारण जिन इलाकों में जरूरी वस्तुओं की कमी हो गई…

शिलांग, 12 मार्च (आईएएनएस)। मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले के तुरा में दो दिनों तक चली अशांति के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक तुरंत खाद्य सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और शहर के उन हिस्सों का निरीक्षण किया, जहां तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि अशांति के कारण जिन इलाकों में जरूरी वस्तुओं की कमी हो गई है, वहां जल्द से जल्द आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अराइमाइल इलाके और उसके आसपास की करीब 17 बस्तियों में हिंसा के कारण चावल और अन्य जरूरी सामान की कमी हो गई है। इस पर संगमा ने पश्चिम गारो हिल्स के उपायुक्त को निर्देश दिया कि स्थानीय विकास समितियों के साथ समन्वय कर प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की जाए, ताकि राहत सामग्री जल्द वितरित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता और आवश्यक सामग्री मिले।

उन्होंने हिंसा में क्षतिग्रस्त दुकानों, घरों और अन्य संपत्तियों का भी निरीक्षण किया और भरोसा दिलाया कि जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उन्हें सरकार की ओर से आवश्यक सहायता दी जाएगी।

इधर, तुरा के विभिन्न इलाकों में हालात सामान्य करने के लिए लोगों ने स्वेच्छा से सफाई अभियान भी शुरू किया। स्थानीय निवासी, युवा समूह और संगठनों के सदस्य सड़कों पर फैले मलबे, टूटे सामान और जली हुई चीजों को साफ करते नजर आए।

गौरतलब है कि यह अशांति इस सप्ताह की शुरुआत में उस समय शुरू हुई थी, जब गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद के आगामी चुनाव में गैर-आदिवासियों की भागीदारी के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे थे। बाद में कुछ इलाकों में कथित उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के बाद स्थिति हिंसक हो गई।

फिलहाल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और शांति बनाए रखने के लिए सामुदायिक नेताओं के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.