टीडीपी तेलुगू लोगों की आकांक्षाओं का सच्चा प्रतिबिंब : सीएम नायडू

Summary :

अमरावती, 29 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी के 44वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टीडीपी तेलुगु लोगों की आकांक्षाओं का सच्चा प्रतिबिंब है और यह पार्टी हमेशा जनता के हितों के लिए काम करती रही है। रविवार को स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने ‘टीडीपी परिवार’ के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना महान नेता एनटी रामाराव (एनटीआर) ने की थी और यह पार्टी पीढ़ियों से तेलुगु…

अमरावती, 29 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी के 44वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टीडीपी तेलुगु लोगों की आकांक्षाओं का सच्चा प्रतिबिंब है और यह पार्टी हमेशा जनता के हितों के लिए काम करती रही है।

रविवार को स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने ‘टीडीपी परिवार’ के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना महान नेता एनटी रामाराव (एनटीआर) ने की थी और यह पार्टी पीढ़ियों से तेलुगु लोगों की उम्मीदों को आगे बढ़ा रही है।

सीएम नायडू ने कहा कि पार्टी आज भी एनटीआर के उस सिद्धांत पर मजबूती से चल रही है, जिसमें गरीबों को भोजन, कपड़ा और मकान देने पर जोर दिया गया था। उन्होंने कहा, “टीडीपी अपने कार्यकर्ताओं की पार्टी है और स्थापना दिवस हमारे लिए परिवार के त्योहार जैसा है।”

वहीं, पार्टी के महासचिव और आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास व आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी इस मौके पर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि टीडीपी का जन्म तेलुगु लोगों के आत्मसम्मान और उनके उत्थान के लिए हुआ था।

नारा लोकेश ने कहा कि महान अभिनेता और वैश्विक पहचान रखने वाले एनटी रामाराव से प्रेरित होकर पार्टी ने हमेशा गरीबों और कमजोर वर्गों का साथ दिया। उन्होंने कहा कि टीडीपी के आने के बाद ही समाज के दबे-कुचले और पिछड़े वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक पहचान मिली।

उन्होंने दावा किया कि देश में कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करने वाली पार्टी भी टीडीपी ही है। पार्टी का लक्ष्य तेलुगु लोगों को दुनिया में नंबर वन बनाना है और इसी दिशा में टीडीपी लगातार आगे बढ़ रही है।

बता दें कि 29 मार्च 1982 को एनटी रामाराव ने ‘तेलुगु आत्मसम्मान’ के नारे के साथ टीडीपी की स्थापना की थी। पार्टी ने गठन के मात्र 9 महीने के भीतर सत्ता हासिल करके एक रिकॉर्ड बनाया था।

जनवरी 1996 में एनटीआर का निधन हो गया था। इसके कुछ समय पहले ही चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी। बाद में 1999 में सीएम नायडू के नेतृत्व में टीडीपी फिर सत्ता में आई और 2004 तक सरकार चलाई।

आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद भी टीडीपी ने राज्य में पहली सरकार बनाई। हालांकि 2019 में वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआरसीपी ने सत्ता हासिल कर ली थी।

वहीं, 2024 के विधानसभा चुनाव में टीडीपी ने एनडीए गठबंधन के तहत शानदार वापसी की और चंद्रबाबू नायडू एक बार फिर मुख्यमंत्री बने।

–आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.