तेलंगाना ने मनाया स्थापना दिवस, सीएम रेवंत रेड्डी और राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

Summary :

हैदराबाद, 2 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना ने मंगलवार को अपना 11वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, कैबिनेट मंत्रियों और राज्य भर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्य सरकारी समारोह सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री रेड्डी ने तिरंगा फहराया, एक रंगारंग परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। एक ओपन जीप में खड़े होकर मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया और उनकी सलामी ली। मुख्यमंत्री रेड्डी ने पुलिस अधिकारियों को…

हैदराबाद, 2 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना ने मंगलवार को अपना 11वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, कैबिनेट मंत्रियों और राज्य भर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

मुख्य सरकारी समारोह सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री रेड्डी ने तिरंगा फहराया, एक रंगारंग परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। एक ओपन जीप में खड़े होकर मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया और उनकी सलामी ली।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने पुलिस अधिकारियों को वीरता और सराहनीय सेवाओं के लिए पदक तथा सर्वश्रेष्ठ टुकड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। अपने भाषण में सीएम ने उन लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने तेलंगाना को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए दशकों तक चले संघर्ष के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना के कई कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना के लिए संघर्ष किया और वीर योद्धाओं की तरह डटे रहे। आज, तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर, मैं उनके बलिदानों और तेलंगाना आंदोलन के दौरान उनके द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस के प्रति नतमस्तक होते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

उन्होंने आगे कहा कि 2 जून एक भावुक अवसर है, क्योंकि इस दिन हम अपने बलिदानों के इतिहास को याद करते हैं और तेलंगाना, जो कि देश का सबसे नया राज्य है, के विकास के लिए एक रूपरेखा तैयार करते हैं।

तेलंगाना की जनता की ओर से उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह और तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया, जिन्होंने तेलंगाना की जनता के उस राज्य-निर्माण के सपने को साकार किया, जिसे वे लंबे समय से संजोए हुए थे। हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपना भाषण संक्षिप्त कर दिया।

इस भव्य मार्च पास्ट में तेलंगाना पुलिस की विभिन्न शाखाओं की टुकड़ियों ने भाग लिया। अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तेलंगाना विशेष पुलिस की 7वीं बटालियन को ‘सर्वश्रेष्ठ टुकड़ी’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक भी देखने को मिली।

मुख्य सचिव के रामकृष्ण राव, पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद और वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। मुख्य कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने विधानसभा भवन के पास स्थित गन पार्क में बने स्मारक पर तेलंगाना के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने आधिकारिक आवास ‘लोक भवन’ में तिरंगा फहराया। विधानसभा अध्यक्ष गद्दम प्रसाद कुमार ने विधानसभा परिसर में तिरंगा फहराया। सभी जिला मुख्यालयों में मंत्रियों और शीर्ष अधिकारियों ने स्थापना दिवस समारोहों का नेतृत्व किया।

उप-मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने खम्मम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि एक दशक तक तेलंगाना को धोखा दिया गया और उसकी उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि आज, इसमें फिर से नई जान आ गई है, क्योंकि जनता की सरकार टूटी हुई अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा कर रही है और राज्य के भविष्य का पुनर्निर्माण कर रही है।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने जगतियाल कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

तेलंगाना स्थापना दिवस के समारोह सभी राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी आयोजित किए गए।

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कांग्रेस मुख्यालय गांधी भवन में तिरंगा फहराया। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के मुख्यालय तेलंगाना भवन में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने तिरंगा फहराया।

उन्होंने बीआरएस के कई नेताओं के साथ मिलकर तेलंगाना के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और ‘तेलंगाना थल्ली’ तथा प्रोफ़ेसर जयशंकर की प्रतिमाओं पर माला पहनाई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय और हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हैदराबाद स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया।

तेलंगाना रक्षा समिति (टीआरएस) की नेता के कविता ने अपने पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह का नेतृत्व किया।

–आईएएनएस

पीएसके/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.