वर्धा (महाराष्ट्र), 22 अगस्त (आईएएनएस)। शनिवार को महाराष्ट्र के वर्धा जिले में सेलू-वर्धा रोड पर रमना फाटा के पास एक टेम्पो ट्रैवलर ने पीछे से एक टिपर ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे 17 यात्री घायल हो गए। यात्रियों में कई गंभीर रूप से घायल हैं।
यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब टेम्पो ट्रैवलर यात्रियों को तीर्थयात्रा के लिए नागपुर से नासिक ले जा रहा था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टिपर रमना फाटा के पास वर्धा की ओर मुड़ रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही टेम्पो ट्रैवलर ने पीछे से उसे टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि टिपर पर नंबर प्लेट नहीं थी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ड्राइवर की तरफ का हिस्सा पिचक गया और ड्राइवर केबिन के अंदर ही फंस गया।
स्थानीय लोग तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि गाड़ी के मलबे में फंसे ड्राइवर को बाहर निकालने में लगभग एक घंटा लगा।
टेम्पो ट्रैवलर में सवार सभी 17 यात्रियों को चोटें आईं। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे।
कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए सेवाग्राम के अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों ने अभी तक घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस हादसे ने वर्धा-नागपुर हाईवे पर स्थित रमाना फाटा पर सड़क सुरक्षा को लेकर फिर से चिंताएं बढ़ा दी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जंक्शन पर बार-बार हादसे होते रहे हैं और इसे अब एक खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ के तौर पर देखा जा रहा है।
निवासियों के अनुसार, राजमार्ग पार करते समय वाहनों को अक्सर अंतिम क्षण तक तेज गति से चलने वाले वाहनों का दृश्य स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता।
उन्होंने राजमार्ग पार करने वाले वाहनों के लिए स्पष्ट चेतावनी संकेतों, गति नियंत्रण उपायों और निर्देशों की कमी पर भी चिंता व्यक्त की है।
निवासियों ने अधिकारियों से पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाने, प्रभावी गति नियंत्रण उपाय लागू करने और राजमार्ग पार करने की व्यवस्था में सुधार करने का आग्रह किया है ताकि उस स्थान पर आगे कोई दुर्घटना न हो।
–आईएएनएस
एमएस/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



