ओडिशा: क्रॉस वोटिंग करने पर कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, सोफिया फिरदौस समेत तीन विधायकों को किया निलंबित

Summary :

भुवनेश्वर, 17 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग को लेकर कांग्रेस ने सख्त एक्शन लिया है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) ने दल-विरोधी गतिविधियों के आरोप में अपने तीन विधायकों को निलंबित कर दिया है। कांग्रेस ने रमेश जेना, दशरथी गमंगो और सोफिया फिरदौस के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। ओपीसीसी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तीनों विधायकों को भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करके पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने और पार्टी की विचारधारा के विरुद्ध कार्य करने का दोषी पाया गया। कांग्रेस ने कहा कि ऐसे कार्यों से न केवल दलीय अनुशासन…

भुवनेश्वर, 17 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग को लेकर कांग्रेस ने सख्त एक्शन लिया है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) ने दल-विरोधी गतिविधियों के आरोप में अपने तीन विधायकों को निलंबित कर दिया है। कांग्रेस ने रमेश जेना, दशरथी गमंगो और सोफिया फिरदौस के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है।

ओपीसीसी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तीनों विधायकों को भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करके पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने और पार्टी की विचारधारा के विरुद्ध कार्य करने का दोषी पाया गया।

कांग्रेस ने कहा कि ऐसे कार्यों से न केवल दलीय अनुशासन का उल्लंघन हुआ है, बल्कि पार्टी के हितों को भी ठेस पहुंची है। इस दुर्व्यवहार का गंभीर संज्ञान लेते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विधायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है। पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के अध्यक्ष सुजीत पाधी ने मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में तीन नेताओं के निलंबन की जानकारी दी।

राज्यसभा चुनाव के दौरान विपक्षी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर दी, जिससे एनडीए ने ओडिशा में भी दो सीटें जीत ली। यह चुनाव काफी कड़ा माना जा रहा था लेकिन क्रॉस वोटिंग की वजह से एनडीए को फायदा हो गया। बीजद के आठ और कांग्रेस के तीन सहित कुल 11 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, जिसकी वजह से दिलीप राय जीत गए।

कुछ ऐसा ही हाल बिहार में भी देखने को मिला। भाजपा ने बिहार में पांच की पांचों सीट जीत ली। चार सीटों पर भाजपा की जीत पक्की मानी जा रही थी, पांचवीं सीट जीतने की चुनौती मानी जा रही थी, लेकिन क्रॉस वोटिंग की वजह से भाजपा ने पांचवीं सीट भी जीत ली।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव में एनडीए के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने एनडीए के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा था कि बिहार के लोग एनडीए के नेतृत्व में आगे बढ़ने को तैयार हैं।

–आईएएनएस

एसडी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.