बंगाल: अभिषेक बनर्जी ने ईसीआई पर बीएलए सूची भाजपा को लीक करने का लगाया आरोप

Summary :

कोलकाता, 24 मार्च (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया कि उसने पार्टी के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की सूची भाजपा को लीक कर दी है। दक्षिण 24 परगना जिले के पाथर प्रतिमा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस सूची के आधार पर तृणमूल कांग्रेस के बीएलए को फोन कर डराने और पैसे का लालच देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “बीएलए-2 (तृणमूल कांग्रेस) की सूची भाजपा के हाथ लग गई है। यह सूची सीधे चुनाव आयोग से लीक होकर…

कोलकाता, 24 मार्च (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया कि उसने पार्टी के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की सूची भाजपा को लीक कर दी है।

दक्षिण 24 परगना जिले के पाथर प्रतिमा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस सूची के आधार पर तृणमूल कांग्रेस के बीएलए को फोन कर डराने और पैसे का लालच देने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, “बीएलए-2 (तृणमूल कांग्रेस) की सूची भाजपा के हाथ लग गई है। यह सूची सीधे चुनाव आयोग से लीक होकर भाजपा तक पहुंची है। इसी के आधार पर दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय से कॉल आ रहे हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि फोन पर बीएलए को पैसे का ऑफर देकर भाजपा के लिए काम करने को कहा जा रहा है। इस पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे फोन उठाएं, ज्यादा पैसे की मांग करें और पैसा लेने के बाद भी वोट तृणमूल कांग्रेस को ही दिलाएं।

अभिषेक बनर्जी ने पाथर प्रतिमा से 2026 विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत भी की। उन्होंने इस सीट पर जीत का अंतर 40 हजार वोट से अधिक रखने का लक्ष्य तय किया।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस वादे नहीं, बल्कि “प्रतिबद्धताएं” करती है। पार्टी ने 10 प्रमुख संकल्प लिए हैं, जिनमें ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना, हर नागरिक को पक्का घर, घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं, हर घर शुद्ध पेयजल और वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन शामिल हैं।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव राज्य से भाजपा को हटाने की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सीटें 50 से नीचे लाई जाएंगी और 4 मई को ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार चौथी बार बनेगी।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.