ट्विशा शर्मा केस : 29 मई तक सीबीआई हिरासत में पति समर्थ सिंह, मामले की जांच तेज

Summary :

भोपाल, 27 मई (आईएएनएस)। हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मृतक मॉडल और अभिनेत्री के पति समर्थ सिंह को 29 मई तक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में सीबीआई की एंट्री के बाद जांच तेज हो गई है। 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थीं। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आने पर परिवार ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना, दहेज की मांग और लगातार उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे।…

भोपाल, 27 मई (आईएएनएस)। हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मृतक मॉडल और अभिनेत्री के पति समर्थ सिंह को 29 मई तक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में सीबीआई की एंट्री के बाद जांच तेज हो गई है।

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थीं। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आने पर परिवार ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना, दहेज की मांग और लगातार उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद भोपाल पुलिस ने 15 मई को दहेज मृत्यु और क्रूरता से जुड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।

ट्विशा का मॉडलिंग और एक्टिंग से जुड़ा बैकग्राउंड होने की वजह से मामला जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। इस बीच आरोपी समर्थ सिंह (वकील और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह का बेटा) घटना के बाद करीब 10 दिनों तक फरार रहा।

बाद में समर्थ सिंह जबलपुर में सामने आया, जहां उसने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका वापस लेने के बाद सरेंडर करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने साफ किया कि यह आत्मसमर्पण नहीं बल्कि गिरफ्तारी थी। उसे भोपाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां शुरुआती पूछताछ में सहयोग न करने और कई अहम सवालों के जवाब न देने के आरोपों के चलते अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की थी।

जांच एजेंसियों का कहना है कि ट्विशा की मौत वाले दिन समर्थ सिंह की गतिविधियों को लेकर कई सवाल अभी भी अनसुलझे हैं। पुलिस और सीबीआई दोनों उनकी लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है।

इसी बीच मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में जमानत याचिका पर भी सुनवाई जारी है, जिस पर सभी की नजर बनी हुई है। ट्विशा के परिवार ने शुरुआत से ही स्थानीय पुलिस की जांच पर सवाल उठाए थे और सीबीआई जांच की मांग की थी। अब परिवार को उम्मीद है कि केंद्रीय एजेंसी पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएगी।

आधिकारिक तौर पर सीबीआई की स्पेशल क्राइम यूनिट-III की टीम मंगलवार सुबह भोपाल पहुंची। दो महिला अधिकारियों समेत टीम ने कटारा हिल्स स्थित घर की छत का निरीक्षण किया, जहां ट्विशा का शव मिला था। अधिकारियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों की भी जांच की और कई अहम सबूत जुटाए।

सीबीआई अब आने वाले दिनों में परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ करेगी और शादी से जुड़े विवादों समेत कई पहलुओं की जांच करेगी। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

–आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.