श्रीनगर, 8 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले की पुलिस ने रविवार को बताया कि उन्होंने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुलगाम जिले के पानीवाह इलाके में सुरक्षा बलों ने एक ‘नाका’ (अस्थायी चेकपोस्ट) लगाया था। इसी दौरान दो लोगों को पकड़ा गया, जिनके पास से एक चीनी पिस्तौल, दो ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद हुआ।
सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम पानीवाह में नाका लगाकर जांच कर रही थी, तभी बाग वाले इलाके से कुलगाम की तरफ आ रहे दो लोगों को रोका गया। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से एक चीनी पिस्तौल, एक मैगजीन, 9 एमएम के दो राउंड और दो चीनी ग्रेनेड बरामद हुए।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।
सुरक्षा बलों ने पूरी कश्मीर घाटी और पूरे जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-विरोधी और तलाशी अभियानों को काफी तेज कर दिया है।
अधिकारियों ने श्रीनगर में मुख्य संदिग्धों के ‘वॉन्टेड’ पोस्टर लगाए हैं। साथ ही, सघन तलाशी, वाहनों की जांच और राजमार्गों पर निगरानी के लिए स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी), सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं।
सुरक्षा बल प्रमुख आतंकवादियों की तलाश में सक्रिय हैं, जिनमें अनंतनाग और कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी भी शामिल हैं।
किश्तवाड़ (छत्रू बेल्ट), उधमपुर (बसंतगढ़), पुंछ और राजौरी के जंगलों और ऊंचे इलाकों में संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं, साथ ही ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है। इसके अलावा, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और वहां आए रक्षा कमांडरों सहित सेना और पुलिस के वरिष्ठ नेतृत्व ने ‘ओवर-ग्राउंड वर्कर’ (जमीनी मददगारों) और आतंकी फंडिंग नेटवर्क को खत्म करने के लिए आपसी तालमेल बढ़ा दिया है।
–आईएएनएस
एमएस/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



