तमिलनाडु : पेरंबूर से चुनावी आगाज करेंगे टीवीके प्रमुख विजय

Summary :

चेन्नई, 24 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच अभिनेता से नेता बने विजय बुधवार से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह उत्तर चेन्नई के पेरंबूर विधानसभा क्षेत्र से प्रचार का आगाज करेंगे। राज्य में मतदान 23 अप्रैल को होना है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू होगी, जबकि 4 मई को वोटों की गिनती के साथ ही नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं। मुख्य राजनीतिक…

चेन्नई, 24 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच अभिनेता से नेता बने विजय बुधवार से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह उत्तर चेन्नई के पेरंबूर विधानसभा क्षेत्र से प्रचार का आगाज करेंगे। राज्य में मतदान 23 अप्रैल को होना है।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू होगी, जबकि 4 मई को वोटों की गिनती के साथ ही नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं।

मुख्य राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएमके, एआईएडीएमके और एनडीए जैसे बड़े गठबंधन सीट बंटवारे, उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। साथ ही, सहयोगी दलों के बीच बातचीत जारी है और पार्टियां अपने घोषणापत्र तैयार करने के साथ जमीनी स्तर पर भी सक्रिय हो गई हैं।

इस बार तमिलनाडु में मुकाबला चतुष्कोणीय होने की संभावना है। डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधनों के अलावा नाम तमिलर काची (एनटीके) और विजय की पार्टी टीवीके भी मैदान में उतरने जा रही हैं। टीवीके पहली बार चुनावी राजनीति में हिस्सा ले रही है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

हालांकि अभी सभी 234 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन पेरंबूर से विजय के संभावित चुनाव लड़ने की चर्चा ने पहले ही राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। खासकर शहरी क्षेत्रों में उनके प्रवेश को चुनावी समीकरण बदलने वाला माना जा रहा है।

अपने चुनाव प्रचार की तैयारी के तहत विजय ने कोडुंगैयूर के पास कन्नदासन नगर में एक बंगला लिया है, जो उनका कैंपेन हेडक्वार्टर होगा। बुधवार सुबह यहां पूजा का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ उनके चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।

पूजा के बाद विजय उसी दिन पेरंबूर में जनसंपर्क शुरू करेंगे। अगले दो दिनों तक वह विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.