पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में होने वाले उप चुनाव की कुछ सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विभिन्न घटक दलों के बीच चल रही खींचतान के संबंध में कुछ भी कहने से इंकार करते हुए स्पष्ट किया कि वह प्रदेश में राजग का नहीं बल्कि राजग सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।
श्री कुमार ने अपने सरकारी आवास एक अणे मार्ग में लोक संवाद कार्यक्रम के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी ने बिहार में होने वाले उप चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। पार्टी की राज्य इकाई ने इस विचार से उन्हें अवगत कराया और उन्होंने इसकी मंजूरी दे दी।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का यह नीतिगत फैसला है कि जिस क्षेत्र में उनके दल का कोई वर्तमान विधायक या सांसद नहीं है और वहां के निर्वाचित प्रतिनिधि का निधन हो जाता है तो ऐसी स्थिति में वहां होने वाले उप चुनाव में उनकी पार्टी अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी।
मुख्यमंत्री ने उप चुनाव वाली कुछ सीटों को लेकर राजग के घटक दल हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के बीच चल रही खींचतान के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि वह बिहार में राजग के नेता नहीं हैं बल्कि राजग सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।
सभी पार्टियां सीटों को लेकर दावा करती हैं और यह उनका अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में राजग सामूहिक नेतृत्व के तहत काम कर रहा है। श्री कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार बनाकर उन्होंने जनादेश का अपमान नहीं किया है।
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव के समय दिल्ली में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित किया था। उनकी प्रतिबद्धता शासन के प्रति है, पहले भी थी और आज भी है। जनता की सेवा के लिए उनके नेतृत्व में जनादेश मिला है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने साफ कहा था कि वह भ्रष्टाचार से कभी समझौता नहीं करेंगे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



