'सरकार बनने पर राम मंदिर की मुफ्त यात्रा कराएंगे', तेलंगाना वासियों से अमित शाह का वादा - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

‘सरकार बनने पर राम मंदिर की मुफ्त यात्रा कराएंगे’, तेलंगाना वासियों से अमित शाह का वादा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को वादा किया कि अगर भाजपा तेलंगाना में सत्ता में आई तो अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन मुफ्त होंगे। अमित शाह ने गडवाल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लोगों से भाजपा को सत्ता में लाने का आग्रह किया और वादा किया कि वह उन्हें मुफ्त में दर्शन के लिए अयोध्या भेजेगी।

HIGHLIGHTS
  • कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण में की 70 साल की देरी, शाह का आरोप 
  • अमित शाह बोले- भाजपा सत्ता में आई तो पिछड़ा वर्ग से किसी नेता को बनाएगी मुख्यमंत्री 
  • ‘KCR ने झूठे वादे करने में विश्व रिकॉर्ड बनाया’, शाह ने CM पर साधा निशाना

शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण में 70 साल की देरी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल आधारशिला रखी बल्कि वह 22 जनवरी को इसका उद्घाटन भी करेंगे। उन्होंने दोहराया कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो पिछड़ा वर्ग (Backward Class) से किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाएगी। BC राज्य की आबादी का 52 प्रतिशत हैं और 135 BC समुदाय हैं, इसके बावजूद कोई BC मुख्यमंत्री नहीं था। BRS और कांग्रेस दोनों पर टिकट देने में अन्याय का आरोप लगाते हुये उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने BC को सबसे ज्यादा टिकट दिए हैं।

अमित शाह ने कहा, ”नरेंद्र मोदी के रूप में भाजपा ने भारत को पहला BC प्रधानमंत्री दिया। मोदी सरकार में BC से 27 मंत्री हैं।” उन्‍होंने कहा कि BRS और कांग्रेस दोनों BC विरोधी हैं। केवल भाजपा ही BC का कल्याण सुनिश्चित कर सकती है। तेलंगाना में आने वाला चुनाव पांच साल के लिए तेलंगाना का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कहा, ”लोगों को तय करना चाहिए कि वे डबल इंजन विकास चाहते हैं या KCR के झूठे वादे।” आरोप लगाया कि KCR ने झूठे वादे करने में विश्व रिकॉर्ड बनाया है। मैं तेलंगाना के लोगों, विशेषकर युवाओं को बताना चाहता हूं कि BRS को VRS देने का समय आ गया है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि तेलंगाना की BRS सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने BRS को भ्रष्टाचार रिश्वत समिति करार दिया। आरोप लगाया कि BRS शासन के दौरान कई घोटाले हुए हैं। KCR के दलित को तेलंगाना का मुख्यमंत्री बनाने के वादे को याद कराते हुए कहा, KCR दो बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं और अब वह KTR को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। कांग्रेस ने 2004 से 2014 तक संयुक्त आंध्र प्रदेश के लिए 2 लाख रुपये आवंटित किए, उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने अकेले तेलंगाना को 2.50 लाख करोड़ रुपये दिए।

शाह ने कहा कि KCR की सरकार में युवाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हुई है। तेलंगाना लोक सेवा आयोग (TSPSC) की छह श्रेणियों की परीक्षाओं में 16 बार प्रश्न पत्र लीक हुए। भर्ती में भ्रष्टाचार के कारण युवाओं को आत्महत्या करनी पड़ी। हमने तय किया है कि अगर हम सत्ता में आए तो पांच साल में पारदर्शी तरीके से 2.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां मुहैया कराई जाएंगी। सरदार वल्लभभाई पटेल ने तेलंगाना को निज़ाम के शासन से मुक्त कराया। उन्होंने कहा कि KCR को ओवैसी के कारण हैदराबाद मुक्ति दिवस मनाने में शर्मिंदगी हुई। शाह ने वादा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो हैदराबाद मुक्ति दिवस को आधिकारिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। अमित शाह ने पारिवारिक राजनीति करने के लिए BRS, AIMIM और कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्हें 2G, 3G और 4G पार्टियां करार दिया।

 

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

10 + 2 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।