उद्धव ठाकरे का ऐसा ही रवैया रहा तो जल्दी ही शिवसेना खाली हो जाएगी: मनीषा कायंदे

Summary :

शिवसेना यूबीटी में अंदरूनी खींचतान जारी, मनीषा कायंदे ने जताई चिंता

महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) कोंकण क्षेत्र में डैमेज कंट्रोल की कोशिशों में लगी हुई है, लेकिन यहां पार्टी के अंदर की खींचतान रुकने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व विधायक राजन साल्वी के बाद, मौजूदा विधायक भास्कर जाधव भी नाराजगी जता रहे हैं। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे के मुताबिक उद्धव ठाकरे का ऐसा ही रवैया रहा तो उनकी पार्टी जल्द ही खाली हो जाएगी।

उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “राजन साल्वी ने उद्धव ठाकरे के साथ ढाई साल ईमानदारी से काम किया और दो चुनाव भी लड़े, जिनमें वह हार गए। हार के बाद जब पोस्टमार्टम हुआ, तब टीवी पर खबरें आईं कि राजन ने शिकायत की कि यूबीटी ग्रुप के नेता विनायक राउत ने उनके खिलाफ काम किया। इस पर काफी बहस हुई। लेकिन राजन के इरादों पर जब शक किया गया, वह नाराज हो गए और उन्होंने एकनाथ शिंदे का नेतृत्व स्वीकार कर लिया। कोंकण में, भास्कर जाधव भी नाराज हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनकी क्षमता के अनुसार काम नहीं दिया जा रहा है। अगर इसी तरह का रवैया जारी रहा, तो यूबीटी जल्द ही खाली हो जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा, “भास्कर जाधव भी नाराज हैं और लगातार कह रहे हैं कि उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। मेरी जानकारी के अनुसार, भास्कर जाधव भी हमारी पार्टी में आ सकते हैं और उन्होंने शायद अपना मन बना लिया होगा। कुछ लोग अभी भी उद्धव ठाकरे को गलत राह पर ले जा रहे हैं, जिसकी शिकायत पहले भी कई लोगों ने की है जिन्होंने उनका साथ छोड़ दिया।” कायंदे ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक में 122 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले पर भी राय रखी। संजय राउत द्वारा भाजपा पर आरोप लगाए जाने पर उन्होंने कहा कि संजय राउत को बेबुनियाद बातों की आदत है और उन पर खुद कई तरह के आरोप हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.