देश में 31 मई तक लॉकडाउन का चौथा चरण लागू है। लॉकडाउन 4.0 में देश के कई बड़े राज्यों में पहले के मुकाबले ज्यादा छूट दी गई है। इसके साथ ही मंगलवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, हैदराबाद और गुजरात में लोगों की पहले जैसी हलचल और सड़कों पर वाहनों का जमघट नजर आया है। लॉकडाउन के चौथे चरण में राज्यों में दुकानें और ट्रांसपोर्ट सेवाएं बहाल हो गई है।
दिल्ली सरकार द्वारा ट्रांसपोर्ट सेवाएं बहाल होते ही सड़कों पर वाहन फिर से दिखाई देने लगे है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ऑटो, टैक्सी, निजी टैक्सी और बस सेवाओं को फिर से शुरू करने की अनुमति दी है। एक ऑटो में केवल 1 यात्री, एक कार में 2 यात्री और एक समय में एक बस में 20 यात्री होने की अनुमति दी गई है।

कर्नाटक सरकार ने भी लॉकडान 4 के दौरान राज्य में सार्वजनिक बस सेवाओं को फिर से शुरू करने की अनुमति दी है। यात्रियों के बस में चढ़ने से पहले मैसूरु रोड बस स्टेशन पर बस में चढ़ने से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग, सामाजिक सुरक्षा मानदंडों का पालन किया जा रहा है।
.jpg)
उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन 4 में छूट के बाद प्रयागराज में मंगलवार को मुख्य बाजार चौक में दुकानें खुलीं। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी दुकानदारों को मास्क पहनना होगा, दुकान पर सैनिटाइज़र रखना अनिवार्य है और जिन दुकानदारों ने मास्क नहीं पहने है, वह सामान नहीं बेच सकते।

बेंगलुरु में आज सुबह बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। बेंगलुरु के कब्बन पार्क और लालबाग बॉटनिकल गार्डन पार्क में काफी संख्या में लोगों टहलते नजर आए।

गुजरात के राजकोट में लॉकडाउन के चौथे चरण के दौरान पान और चाय की दुकानों को फिर से खोलने की अनुमति दी गई। मंगलवार को लोग चाय की दुकानों चाय की चुस्की भरते हुए नजर आए। गौरतलब है कि मंगलवार तक देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार जा चुकी है।

वहीं संक्रमण से 3100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। भारत एक लाख का आंकड़ा पार करने वाला विश्व का 11वां देश बन गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 4,970 नये मामले आये जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 101139 पर पहुंच गयी है। देश में इस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 134 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 3163 हो गयी। वहीं एक दिन पहले सोमवार को 5,242 संक्रमित मामले सामने आये थे।


Download Android App
Download iOS App



