नयी दिल्ली/मंगलुरु : कर्नाटक के मंगलुरु हवाई अड्डे पर रविवार को दुबई से 183 यात्रियों को लेकर पहुंचा एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान रनवे से फिसल कर मैदानी इलाके में फंस गया और इस घटना में सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित रहे।
मंगलुरु हवाई अड्डे से जारी एक बयान के अनुसार दुबई से मंगलुरु आये एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से फिसल गया और वहां किनारे लगी घास में फंस गया।
इस घटना के बाद भी हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन सामान्य बना रहा और विमान को वहां से आसानी से निकाल लिया गया। यह घटना शाम पांच बजकर 40 मिनट पर हुई।
माना जा रहा है कि विमान के उतरने की दिशा में बह रही हवा और भीगा हुआ रनवे इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं।
विमान के फंसने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मामले की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



