नई दिल्ली: पाकिस्तान एक तरफ जहां एलओसी पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा वहीं दूसरी तरफ चीन के सहारे भारत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में लगा हुआ है। इसी सिलसिले में दोनों देशों के बीच चल रहे सीमा विवाद के बीच पाकिस्तान इसमें अपनी टांग अडाकर अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देने की कोशिश में लग गया है। पाकिस्तान की कोशिश है कि भारत और चीन के बीच विवाद और गहराए। भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने चीन के उच्चायुक्त लू झाओहुई से मुलाकात की है। इतना ही नहीं बासित जल्द ही भूटान के उच्चायुक्त वेटसॉप नमग्येल से भी मुलाकात कर सकते हैं।
एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के उच्चायुक्त से मिलने के बाद बासित जल्द ही भूटान के उच्चायुक्त वेटसॉप नमग्येल से भी मिल सकते हैं। डोकलाम विवाद पर बासित दोनों देशों के राजदूतों से मिलकर बातचीत करना चाहते हैं। उधर, बासित ने भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा कर लिया है. उनके अगले महीने पाकिस्तान वापस जाने की गुंजाइश है।
बता दें कि डोकलाम में इन दिनों भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर भारी तनाव चल रहा है। चीन ने भारत पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए मानसरोवर का रास्ता बंद कर दिया है। वह साफ कह चुका है कि इस पूरे मुद्दे पर बातचीत तभी संभव है जब भारत अपने सैनिक पीछे करेगा। हालांकि भारतीय सेना ने इलाके में तंबू गाड़कर लंबे वक्त तक टिके रहने का इशारा कर दिया है।
इसे लेकर चीन के सरकारी मीडिया ने न सिर्फ 1962 युद्ध की याद दिलाई बल्कि ताकत के इस्तेमाल से भारत को सबक सिखाने की भी बात कही, लेकिन भारत ने डोकलाम से हटने से साफ इनकार कर दिया। भारत का कहना है कि कूटनीति से ही इसका हल निकल सकता है।भारत के स्टैंड को भूटान से भी पूरा समर्थन मिला है।


Download Android App
Download iOS App





