भारत ने लाहौर में एयर डिफेंस सिस्टम को किया ध्वस्त, PAK को दिया मुंहतोड़ जवाब

Summary :

भारतीय सेना ने पाक के वायु रक्षा प्रणाली को किया निशाना

भारतीय सेना ने पाकिस्तान की आक्रामकता का संयमित और लक्षित उत्तर देते हुए लाहौर में एयर डिफेंस सिस्टम को ध्वस्त किया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई इस कार्रवाई से पाकिस्तान में रेड अलर्ट जारी हुआ है। भारतीय सेना ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रतिक्रिया गैर भड़काऊ रही, लेकिन सुरक्षा पर खतरा होने पर निर्णायक उत्तर दिया जाएगा।

भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान की ओर से की गई हालिया आक्रामक कार्रवाई का संयमित, केंद्रित और सटीक जवाब दिया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई इस कार्रवाई को लेकर कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने जानकारी दी। कर्नल कुरैशी और विंग कमांडर सिंह ने स्पष्ट किया कि भारत ने 7 मई को अपनी प्रतिक्रिया को ‘गैर भड़काऊ और पूरी तरह लक्षित’ बताया था। भारत की नीति स्पष्ट रही है कि वह पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को अनावश्यक रूप से निशाना नहीं बनाएगा, लेकिन यदि भारत की सुरक्षा पर खतरा मंडराता है, तो उसका उचित और निर्णायक उत्तर दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने 7-8 मई की रात ड्रोन और मिसाइलों की मदद से भारत के कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। जिन शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की गई, उनमें अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज शामिल हैं।

Operation Sindoor के बाद पाकिस्तान में रेड अलर्ट, PM शहबाज शरीफ करेंगे देश को संबोधित

अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने गुरुवार को जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई स्थानों पर स्थित वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। लाहौर में एक वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट किया गया है।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में अकारण और उकसावे वाली गोलाबारी की, जिसमें मोर्टार और भारी तोपखानों का इस्तेमाल किया गया। इस हिंसक कार्रवाई में तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित कुल 16 निर्दोष नागरिकों की मृत्यु हुई है। भारतीय सेना ने इस अकारण गोलीबारी का उपयुक्त और संतुलित जवाब दिया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.