चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के झूठ का पर्दाफाश करने के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल को लेकर चीनी मीडिया की झूठी रिपोर्ट को विदेश मंत्रालय ने नामंजूर कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि हमने चीनी मीडिया में कुछ आर्टिकल देखे हैं, जिसमें NSA अजित डोभाल को लेकर बात की जा रही है। हम साफ करना चाहते हैं कि ये सभी रिपोर्ट पूरी तरह से गलत हैं।
बता दें, चीनी मीडिया ने अपनी कुछ रिपोर्ट में दावा किया है कि अजित डोभाल की ओर से ही हालत और ज्यादा गंभीर करने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए अजित डोभाल के कथित बयान का हवाला दिया गया है कि उन्होंने कहा था कि भारत बॉर्डर पर एक लॉन्ग हॉल के लिए तैयार है। चीन की ओर से सीमा स्थिति को लेकर हमेशा से झूठ ही परोसा जा रहा है। कल पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के दक्षिणी तट पर भारतीय सेना की ओर से फायरिंग वाले चीनी दावे को भारत सरकार ने झुठला दिया।
चीन एलएसी पर खुद फायरिंग करके भारतीय सेना पर आरोप लगा रहा है, मगर भारत ने एक बार फिर से चीन के झूठ से पर्दा हटा दिया है। भारत ने बयान जारी कर कहा कि पीएलए के जवानों ने उकसावे की कार्रवाई की है। भारत ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि भारतीय सेना ने एलएसी यानी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर फायरिंग नहीं की है और न ही पार की है। बल्कि कुछ जगहों पर पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने ही फायरिंग की है।


Download Android App
Download iOS App



