भारत ने EOS01 के साथ 9 अन्य उपग्रहों को किया लांच, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत के नवीनतम भू-पर्यवेक्षण उपग्रह ईओएस-01 और ग्राहकों के नौ अन्य उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और देश के अंतरिक्ष उद्योग जगत को बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत के नवीनतम भू-पर्यवेक्षण उपग्रह ईओएस-01 और ग्राहकों के नौ अन्य उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और देश के अंतरिक्ष उद्योग जगत को बधाई दी और कहा कि कोविड-19 महामारी के दौर में वैज्ञानिकों को निश्चित समय सीमा में इस सफलता को हासिल करने के लिए कई अवरोधों से गुजरना पड़ा।
ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी-सी49/ईओएस-01) ने 26 घंटों की उल्टी गिनती के बाद अपराह्न तीन बजकर 12 मिनट पर यहां सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी। प्रक्षेपण के करीब 20 मिनट बाद यान ने सभी उपग्रहों को एक-एक कर कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैं इसरो और भारतीय अंतरिक्ष उद्योग को पीएसएलवी-सी49/ईओएस-01 और ग्राहकों के नौ अन्य उपग्रहों के आज सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई देता हूं। समय सीमा के भीतर इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए कोविड-19 के इस दौर में हमारे वैज्ञानिकों को कई अवरोधों को पार करना पड़ा।’’
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘इन नौ उपग्रहों में लक्जमबर्ग और अमेरिका के चार-चार और लिथुआनिया का एक उपग्रह शामिल था।’’

Desk Team