पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शुक्रवार को हिंदू मंदिर की तोड़फोड़ की घटना पर भारत ने पाकिस्तान को लताड़ लगाई है। भारत ने डिप्लोमेटिक चैनल के जरिए पाकिस्तान के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है। पाकिस्तान में हिंदू मंदिर में तो़ड़फोड़ और आगजनी की घटना में पुलिस ने 30 कट्टरपंथियों को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के गृह राज्य खैबर पख्तूंख्वा के करक जिले में मुस्लिम कट्टरपंथियों के समूह ने मंदिर में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी थी।
पुलिस के अनुसार घटना में कट्टरपंथी जमियत उलेमा-ए-इस्लाम पार्टी के नेता रहमत सलाम खटक सहित 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मंदिर पर इसी दल की भीड़ ने हमला बोला था। यहां पर मंदिर का पुनरद्धार किया जा रहा था। पाकिस्तान के मानवाधिकारों के लिए संघीय संसदीय सचिव लालचंद मल्ही ने कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंदिर में तोड़फोड़ की घटना की कड़ी निंदा की है।
मल्ही ने कहा कि पाकिस्तान को बदनाम करने के लिए ऐसी असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कुछ समूह सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। मल्ही ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने मंदिर पर हमले को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। उन्होंने मामले पर पुलिस से जल्दी रिपोर्ट मांगी है और घटना में शामिल लोगों की फौरन गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। खान ने संकल्प लिया कि उनकी सरकार ऐसी घटनाओं से इबादतगाहों की हिफाजत करेगी।


Download Android App
Download iOS App



