‘स्पेस से भव्य दिखता है भारत…’, Shubhanshu Shukla की PM मोदी से हुई बातचीत

Summary :

Shubhanshu Shukla: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष में मौजूद भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया. यह संवाद न केवल भारत की तकनीकी प्रगति का प्रमाण है, बल्कि देशवासियों के भावनात्मक जुड़ाव को भी दर्शाता है. पीएम मोदी ने शुभांशु से बात करते हुए कहा कि भले ही वह इस समय भारत की भूमि से हजारों किलोमीटर दूर हों, लेकिन वे देशवासियों के दिलों में सबसे करीब हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी ने शुभांशु को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी. पीएम ने शुभांशु से कहा कि उनके नाम की तरह ही…

Shubhanshu Shukla: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष में मौजूद भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया. यह संवाद न केवल भारत की तकनीकी प्रगति का प्रमाण है, बल्कि देशवासियों के भावनात्मक जुड़ाव को भी दर्शाता है. पीएम मोदी ने शुभांशु से बात करते हुए कहा कि भले ही वह इस समय भारत की भूमि से हजारों किलोमीटर दूर हों, लेकिन वे देशवासियों के दिलों में सबसे करीब हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी ने शुभांशु को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी. पीएम ने शुभांशु से कहा कि उनके नाम की तरह ही उनकी यह यात्रा भारत के लिए शुभ संकेत है. उन्होंने कहा, “आपकी यह यात्रा एक नए युग की शुरुआत है. मेरी आवाज में पूरे 140 करोड़ भारतवासियों का उत्साह और समर्थन शामिल है.” पीएम ने यह भी जोड़ा कि यह केवल वैज्ञानिक प्रगति नहीं है, बल्कि भारत की वैश्विक पहचान का प्रतीक है.

“भारत अंतरिक्ष से और भी भव्य दिखाई देता है”

बातचीत के दौरान शुभांशु शुक्ला ने बताया कि अंतरिक्ष से भारत अत्यंत भव्य और दिव्य नजर आता है. उन्होंने यह अनुभव साझा किया कि यह यात्रा उनके लिए एक अनोखा और अविस्मरणीय अनुभव है. 400 किलोमीटर ऊपर ऑर्बिट तक की यह यात्रा केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे भारत की है.

https://x.com/PMOIndia/status/1938935165482606641

“भारतीय स्वाद भी गया अंतरिक्ष में”

पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में पूछा कि क्या शुभांशु अपने साथ ले गए गाजर का हलवा अपने साथियों को भी चखाया. इस पर शुभांशु ने हंसते हुए जवाब दिया कि उन्होंने अपने साथ गाजर और मूंग का हलवा लाया था और पूरी टीम ने साथ मिलकर उसका आनंद लिया. यह दर्शाता है कि भारतीय संस्कृति और स्वाद, चाहे अंतरिक्ष ही क्यों न हो, वहां भी अपनी छाप छोड़ता है.

पृथ्वी की परिक्रमा…

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में परिक्रमा करने की पुरानी परंपरा रही है और शुभांशु को पृथ्वी की परिक्रमा करने का अवसर मिला है, जो अत्यंत गर्व की बात है. इस पर शुभांशु ने जानकारी दी कि थोड़ी देर पहले वे हवाई द्वीपों के ऊपर से गुजर रहे थे. उन्होंने बताया कि वे दिन में 16 बार सूर्योदय और सूर्यास्त देखते हैं, जो अत्यंत अद्भुत अनुभव है. शुभांशु ने बताया कि वे इस समय लगभग 28,000 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह गति भारत की तेजी से हो रही प्रगति का प्रतीक है.

यह भी पढ़ें- kolkata Rape Case: राज्य में आक्रोश जारी, आपस में भिड़े पुलिस और BJP समर्थक

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।