भारत ने पाकिस्तान द्वारा जारी किए गए नए राजनीतिक नक्शे को मंगलवार को ‘‘राजनीतिक मूर्खता’’ करार दिया और कहा कि इस तरह के ‘‘हास्यास्पद अभिकथनों’’ की न तो कानूनी वैधता है और न ही कोई अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता है। पाकिस्तान ने अपने नए राजनीतिक नक्शे में जम्मू कश्मीर और गुजरात के कुछ हिस्सों को अपना क्षेत्र करार दिया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हमने पाकिस्तान का तथाकथित ‘राजनीतिक नक्शा’ देखा है जो प्रधानमंत्री इमरान खान ने जारी किया है। भारत के राज्य गुजरात और हमारे केंद्रशसित प्रदेश जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख के हिस्सों पर अपुष्ट दावा करना राजनीतिक मूर्खता की एक कवायद है।’’
इसने एक बयान में कहा, ‘‘इन हास्यास्पद अभिकथनों की न तो कोई कानूनी वैधता है और न ही कोई अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता है। असल में, इस नए प्रयास से सीमा पार आतंकवाद के जरिए क्षेत्रीय विस्तार की पाकिस्तान की सनक की ही पुष्टि होती है।’’


Download Android App
Download iOS App



