लॉकडाउन : 64 उड़ानों के जरिये 12 देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाएगी सरकार

Summary :

केंद्र सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि विदेशों में फंसे सभी भारतीयों को सात मई के बाद विशेष चार्टर्ड विमान से स्वदेश लाया जायेगा और इसके लिए योजना तैयार की जा चुकी है।

भारत सरकार कोरोना वायरस  (कोविड-19) लॉकडाउन के कारण विदेशों में फंसे 14,800 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए 7 से 13 मई तक 64 उड़ानें संचालित कर सकती है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि विदेशों में फंसे सभी भारतीयों को सात मई के बाद विशेष चार्टर्ड विमान से स्वदेश लाया जायेगा और इसके लिए योजना तैयार की जा चुकी है। 
केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने यह जानकारी न्यायमूर्ति अशोक भूषण, न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति बी आर गवई की खंडपीठ को गंगा गिरि की याचिका की सुनवाई के दौरान दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इन विशेष उड़ानों का संचालन एअर इंडिया और उसकी सहायक एअर इंडिया एक्सप्रेस करेगी। वे 12 देशों जिसमें संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, अमेरिका, कतर, सऊदी अरब, सिंगापुर, मलेशिया, फिलीपींस, बांग्लादेश, बहरीन, कुवैत और ओमान से भारतीयों को वतन वापस लेकर आएंगी।
इस बारे में  नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 7 मई से 13 मई तक विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए पहले ऑपरेशन के तहत 64 उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रा के लिए निर्धारित दर लंदन-मुंबई के लिए 50,000 रुपये होगी, इसी तरह लंदन से अहमदाबाद, लंदन से बेंगलुरु और दिल्ली से लंदन के लिए भी है। शिकागो-दिल्ली-हैदराबाद के लिए लगभग 1 लाख रुपये की यात्रा लागत है। 
भारत में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए 25 मार्च से लॉकडाउन है जिसे 17 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। इस दौरान सभी वाणिज्य उड़ानों का संचालन बंद है। लिहाजा गृह मंत्रालय ने सोमवार को ऐलान किया कि वह ऐसे भारतीयों को स्वदेश वापसी में सुविधा देगा जिनमें कोरोना वायरस महामारी के कोई लक्षण नहीं है। वह सात मई से चरणबद्ध तरीके से विमानों और नौसेनिक जहाजों के जरिए उन्हें वापस लेकर आएगा जिसके लिए भुगतान करना होगा।

हंदवाड़ा एनकाउंटर के बाद शिवसेना ने केंद्र से की सर्जिकल स्ट्राइक की मांग

अधिकारियों ने बताया कि सात से 13 मई के बीच, भारत, यूएई के लिए 10, अमेरिका और ब्रिटेन के लिए सात-सात, सऊदी अरब के लिए पांच, सिंगापुर के लिए पांच और कतर के लिए दो उड़ाने संचालित कर सकता है। अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश और मलेशिया सात-सात उड़ाने जाने की संभावना है, जबकि कुवैत और फिलीपींस के लिए पांच-पांच उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा ओमान और बहरीन के लिए दो-दो उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
स्वदेश वापसी की 64 उड़ानों में से केरल से 15, दिल्ली और तमिलनाडु से 11-11, महाराष्ट्र और तेलंगाना से सात-सात और शेष पांच अन्य राज्यों से संचालित होंगी। अधिकारियों ने बताया कि “सात दिवसीय अवधि के दौरान इन 64 उड़ानों के माध्यम से लगभग 14,800 भारतीय नागरिकों के देश में लौटने की संभावना है। सरकार 13 मई के बाद स्वदेश वापसी के लिए और उड़ानों का संचालन किया जाएगा ।”

Desk Team