भारतीय सेना ने पाकिस्तान हमलों को किया नाकाम, F-16 और JF-17 विमान मार गिराया

Summary :

जम्मू-कश्मीर में भारतीय वायु रक्षा की बड़ी सफलता

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के हमलों को नाकाम करते हुए एफ-16 और जेएफ-17 विमानों को मार गिराया। सेना ने पश्चिमी सीमा और जम्मू-कश्मीर में ड्रोन और मिसाइल हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना ने अपनी संप्रभुता की रक्षा की प्रतिबद्धता दोहराई और पाकिस्तान के नापाक इरादों को विफल किया।

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान की ओर से पश्चिमी सीमा और जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर ड्रोन और मिसाइल हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना के अनुसार, 8 और 9 मई की मध्य रात्रि को पाकिस्तान ने कई हमले किए, जिन्हें भारतीय सेना ने सफलतापूर्वक नाकाम किया। भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर यह जानकारी दी और राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पोस्ट में आगे लिखा गया है- “भारतीय सेना राष्ट्र की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नापाक इरादों का बलपूर्वक जवाब दिया जाएगा। सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी से यह भी स्पष्ट हो चुका है कि जब पाकिस्तान ने जम्मू और पंजाब के कई इलाकों पर हमला करने की कोशिश की तो भारत ने उसे करारा जवाब दिया और पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान और दो जेएफ-17 विमान भी मार गिराए। गुरुवार को पाकिस्तान ने भारत के कई हिस्सों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायु रक्षा ने उनके भेजे गए ड्रोन को भी गिरा दिया। भारत ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में उड़ रहे उनके एयरबोर्न वार्निंग और कंट्रोल सिस्टम को भी गिरा दिया।

भारतीय सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन हमले को नाकाम किया, 50 से अधिक ड्रोन गिराए

उधर, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और राजस्थान के जैसलमेर में भी ड्रोन हमले नाकाम किए गए। जम्मू के अखनूर में एक ड्रोन गिराया गया। पूंछ में दो ‘कामिकाजे’ ड्रोन भी गिराए गए। सूत्रों के अनुसार, भारत की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (एसएएम) ने पाकिस्तान का एफ-16 विमान सरगोधा एयरबेस के पास गिरा दिया। एफ-16 पाकिस्तान के सबसे अहम लड़ाकू विमानों में से एक है, जिसे उसने अमेरिका से लिया था। इसके साथ जेएफ-17 भी एक अहम विमान है।

गुरुवार रात को पाकिस्तान ने राजस्थान के जैसलमेर में मिसाइल से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने तुरंत जवाब दिया। सूत्रों के अनुसार, अब तक 70 से ज्यादा मिसाइलें हवा में ही नष्ट कर दी गईं, जिससे जमीन पर कोई नुकसान नहीं हुआ। तनाव बढ़ने पर पाकिस्तान ने जम्मू के कई इलाकों में एक साथ हमला किया, जिनमें एयरपोर्ट भी शामिल था। गुरुवार रात अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से जम्मू पर रॉकेट दागे गए। भारतीय वायु रक्षा ने इन रॉकेटों को रास्ते में ही रोक लिया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.