केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में भारत का मस्तक दुनिया के सामने ऊंचा हुआ है । राजनाथ ने मीरानपुर कटरा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा सरकार में पांच सालों के दौरान देश का मस्तक सारी दुनिया के सामने ऊंचा हुआ है । हमने एंटी सैटेलाइट मिसाइल बना ली है जो अभी तक केवल रूस, चीन और अमेरिका के पास थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि अभी पुलवामा में हुए हमले में हमने पाकिस्तान के घर में घुसकर हमला किया, इस पर कांग्रेस पूछ रही है कि कितने मारे तो हमने कहा, ‘‘वीर लाशें नहीं गिनते, लाशें गिद्ध गिनते हैं।” राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया में छठे स्थान पर है जबकि 2014 में यह नौवें स्थान पर था।
गृहमंत्री ने कहा कि हम भारत को विश्व की महाशक्ति के रूप में ‘विश्वगुरु’ के पद पर आसीन करना चाहते हैं। सपा—बसपा गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये धुर-विरोधी दोनों पार्टियां इसलिए इकट्ठी हुई हैं ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रोक सकें परंतु नकारात्मक सोच के आधार पर कोई व्यक्ति या संस्था कामयाबी नहीं पा सकती है। उन्होंने कहा, ”जो मोदी को रोकने की बात करते हैं, पहले चरण के चुनाव के रुझान से वे तिनके के समान उड़ गये हैं।”


Download Android App
Download iOS App



