नयी दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने जा रही एक प्रदर्शनी में उनसे जुड़ कई दुर्लभ तस्वीरें पेश की जाएंगी। इंदिरा के विवाह का असली निमंत्रण कार्ड और उनकी मां के निधन के बाद महात्मा गांधी की ओर से उन्हें लिखा गया एक पत्र भी इन दुर्लभ तस्वीरों में शामिल होगा। इंदिरा : ए लाइफ ऑफ करेज शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी में इंदिरा गांधी स्मृति न्यास के अभिलेखागार से करीब तीन सौ दुर्लभ और पहले कभी नहीं देखी गई तस्वीरें प्रस्तुत की जाएंगी। इनके साथ इंदिरा के पसंदीदा परिधानों का संग्रह भी प्रदर्शनी में पेश किया जाएगा।
पांच खंडों में बंटे इस शो के जरिए इंदिरा के जीवन के विभिन्न पहलुओं से लोगों को रूबरू कराया जाएगा। इसमें शांति निकेतन में उनके शुरूआती दिनों से लेकर भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर उनके आखिरी दिनों को शामिल किया जाएगा। अपनी स्कूली पढ़ई के बाद इंदिरा गांधी रवींद्रनाथ टैगोर के सानिध्य में शांति निकेतन में विश्व भारती यूनिवर्सिटी गई और वहां बिताए गए दिनों की उनकी तस्वीरें इस प्रदर्शनी का प्रमुख हिस्सा हैं।
प्रदर्शनी के क्यूरेटर प्रमोद कुमार केजी ने बताया, हमने शांति निकेतन के दिनों की उनकी जिन तस्वीरों को दिखाया है उनमें टैगोर एवं स्कूल के प्रति उनका आदर झलकता है। यह प्रदर्शनी आम लोगों के लिए 19 नवंबर को खुलेगी। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित सहित कई अन्य गणमान्य राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी में इस प्रदर्शनी का आज उद्घाटन हुआ। आगामी 19 नवंबर को इंदिरा की 100वीं जयंती है।


Download Android App
Download iOS App



