केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) आईएनएक्स मीडिया मामले में पूछताछ के लिए रविवार को पूर्व वित्त मंत्री एवं कांग्रेसी नेता पी.चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को मुंबई लेकर गई। सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि कार्ति एयर इंडिया के विमान से सुबह आठ बजे मुंबई के लिए रवाना हुए।
आरोप है कि कार्ति ने 2007 में विदेशी निवेश प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) से निवेश के लिए मंजूरी दिलाने के लिए मुंबई की आईएनएक्स मीडिया से कथित तौर पर 3.5 करोड़ रुपये की घूस ली थी।
आईएनएक्स मीडिया का नाम बदलकर अब 9 एक्स मीडिया हो गया है और उस समय इसका संचालन पीटर और इंद्राणी मुखर्जी करते थे, दोनों ही शीना बोरा हत्याकांड में आरोपी हैं। इस मामले में आरोपी इंद्राणी ने एक मजिस्ट्रेट के समक्ष कहा था कि कार्ति उनसे दिल्ली के एक होटल में मिला था और एफआईपीबी मंजूरी के लिए 10 लाख डॉलर की मांग की थी।
अधिकारियों के मुताबिक, कार्ति का सामना मुखर्जी दंपति से भी कराया जाएगा, जो इस वक्त मुंबई की जेल में बंद हैं। सीबीआई की अदालत ने एक मार्च को कार्ति चिदंबरम को छह मार्च तक के लिए हिरासत में भेज दिया था। कार्ति को बुधवार को चेन्नई हवाईअड्डे से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया था, जब वह लंदन से लौटे थे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



