जादवपुर यूनिवर्सिटी हंगामा : बीजेपी युवा मोर्चा ने न‍िकाली धिक्कार रैली

Summary :

जादवपुर यूनिवर्सिटी में हंगामे के खिलाफ बीजेपी युवा मोर्चा की धिक्कार रैली

कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी में हाल ही में हुए हंगामें के बाद, भारतीय जनता युवा मोर्चा पश्चिम बंगाल ने आज एक विरोध रैली का आयोजन किया। यह रैली विपक्षी दल के नेता सुवेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल बीजेपी युवा मोर्चा के राज्य अध्यक्ष डॉ. इंद्रनील खान के नेतृत्व में निकाली गई, जो दक्षिण कोलकाता के नवीना सिनेमा से लेकर जादवपुर और तलातल तक गई।

विरोधी दल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने रैली में संबोधित करते हुए कहा, “हम जादवपुर यूनिवर्सिटी में चल रहे सीपीआई (एम) और टीएमसी के गठजोड़ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। यह ‘सलीम और हाकिम’ की सेटिंग है। यह फिश फ्राई सेटिंग है और हम इसके खिलाफ हैं। जादवपुर में पढ़ाई छोड़कर अन्य काम हो रहे हैं, हम उन ताकतों के खिलाफ खड़े हैं जो ‘कश्मीर मांगे आज़ादी’ जैसे नारों का समर्थन करते हैं। हमारे लिए राष्ट्रवाद सर्वोपरि है, और हम उन ताकतों को उखाड़ फेंकने का समय देख रहे हैं। राष्ट्रवादी विचारधारा को जादवपुर यूनिवर्सिटी में लाने के लिए यह रैली निकाली गई है।”

उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा धर्मांतरण पर दिए गए बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी, “मैं अपने पार्टी के एजेंडे के हिसाब से बोलूंगा, वह हमारे पार्टी के मुख्यमंत्री हैं और मैं उनके निर्णय का स्वागत करता हूं।” इसके अलावा, बागेश्वर धाम सरकार के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर उन्होंने कहा, “मुझे निमंत्रण मिला था, लेकिन मैं यहां के काम को देखते हुए नहीं गया। बागेश्वर बाबा जो काम कर रहे हैं, वह बहुत जरूरी है, और भारत हिंदू राष्ट्र ही है, बस उसे अधिकार मिलने में समय लग रहा है।”

भारतीय जनता युवा मोर्चा पश्चिम बंगाल के राज्य अध्यक्ष डॉ. इंद्रनील खान ने भी इस अवसर पर कहा, “ममता बनर्जी, लेफ्ट और अर्बन नक्सलियों का गठबंधन बंगाल में विषम स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहा है। जादवपुर यूनिवर्सिटी में जो हो रहा है, वह इस बात का संकेत है कि ममता बनर्जी को डर है कि 2026 के बाद उनका शासन नहीं रहेगा। इस डर को देखते हुए यह रैली निकाली गई है ताकि लोगों का ध्यान बंटाया जा सके।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.