पटना, 7 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. अजय उपाध्याय ने रविवार को पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए महंगाई, नीट पेपर लीक, घरेलू गैस की कीमतों में बढ़ोतरी समेत कई मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है और इंडिया गठबंधन इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगा। बातचीत के दौरान उन्होंने इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित बैठक पर भी अपनी बात रखी।
अजय उपाध्याय ने कहा कि 8 जून को इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें देश के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वादों से पीछे हट गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा जनता पर आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब आम लोगों को कोई राहत नहीं मिली। पिछले पांच वर्षों में सरकार ने जनता की जेब से 44 लाख करोड़ रुपए निकालने का काम किया है। अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में धीरे-धीरे करके करीब 8 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। साथ ही, गैस और एलपीजी की कीमतें भी लगातार बढ़ाई जा रही हैं, जिससे महंगाई की मार झेल रही जनता की परेशानी और बढ़ गई है।”
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इंडिया गठबंधन चाहता है कि केंद्र सरकार महंगाई और जनता से जुड़े अन्य मुद्दों पर जवाबदेही तय करे। उन्होंने नीट पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक, सीबीएसई और बच्चों के साथ हुए अन्याय के मामले में सरकार को जवाब देना चाहिए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए और पूरे मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
इंडिया गठबंधन की 8 जून को होने वाली बैठक में डीएमके के शामिल नहीं होने के सवाल पर प्रो. उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी डीएमके को गठबंधन से बाहर करने का फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि हम चाहते थे कि तमिलनाडु की जनता ने जो जनादेश दिया है, उसके अनुरूप सरकार बने और भाजपा की दाल न गले। चुनाव से पहले डीएमके हमारे साथ थी। चुनाव के बाद की परिस्थितियों को देखते हुए हमने विजय के साथ समझौता किया, लेकिन डीएमके को इंडिया गठबंधन से बाहर करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया। अगर डीएमके ने कोई अलग फैसला लिया है तो वह उनका स्वतंत्र निर्णय है।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपए की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उपाध्याय ने कहा कि कुछ दिन पहले ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे और अब घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि से आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ गया है।
उन्होंने कहा कि आमदनी नहीं बढ़ रही है, लोगों की सैलरी स्थिर है, लेकिन महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों के लिए अपना खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। किचन का खर्च बढ़ गया है। पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का असर हर वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है। वर्षों से केवल भाषणबाजी हो रही है, लेकिन सरकार अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रही है। चुनाव लड़ना और सरकार बनाना अलग बात है, लेकिन सरकार चलाना भी आना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने यह स्पष्ट किया कि आगामी इंडिया गठबंधन की बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और केंद्र सरकार से इन सवालों पर जवाब मांगा जाएगा।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



