साल 1901 के बाद 2021 में पड़ी चिलचिलाती गर्मी, जनवरी और फरवरी रहे सबसे अधिक गर्म महीने

Summary :

आईएमडी की ओर से मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 121 सालों के औसत तापमान के आधार पर, जनवरी सर्दियों का तीसरा सबसे गर्म महीना था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 121 सालों के औसत तापमान के आधार पर, जनवरी सर्दियों का तीसरा सबसे गर्म महीना था वहीं न्यूनतम तापमान के आधार पर फरवरी दूसरा सबसे गर्म महीना दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिमी भारत के लिए फरवरी में न्यूनतम और औसत तापमान वर्ष 1901 से लेकर अब तक के कालखंड में सबसे ज्यादा रहा।
वर्ष 1901-2021 के बीच किया गया विश्लेषण यह दिखाता है कि जनवरी 2021 में अखिल भारतीय औसत न्यूनतम तापमान 14.78 डिग्री सेल्सियस था। वर्ष 1919 में जनवरी का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था और यह अब तक की सबसे गर्म जनवरी थी। आईएमडी ने कहा, “इसलिए जनवरी 2021, वर्ष 1958 के बाद से 62 साल में सबसे गर्म महीना था।” बता दें कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, विदर्भ, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार में वर्तमान में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान बना रहेगा और अगले 4-5 दिनों के दौरान इनमें कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मजबूत सतह वाली हवाएं (20-30 किमी प्रति घंटे तक) की संभावना है। 

Desk Team