जौनपुर में गोतस्कर और पुलिस में मुठभेड़, एक आरोपी गिरफ्तार

Summary :

जौनपुर, 23 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामी गोतस्कर आरिफ घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई को मीरगंज और मछलीशहर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरिफ के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में कर लिया गया जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि घटना रविवार रात 10:45 बजे की है। मीरगंज…

जौनपुर, 23 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामी गोतस्कर आरिफ घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई को मीरगंज और मछलीशहर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरिफ के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में कर लिया गया जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि घटना रविवार रात 10:45 बजे की है। मीरगंज थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज जंघई अपनी टीम के साथ गोधना बाजार में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बंधवा बाजार से जंघई की ओर दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर भाग रहे हैं, जिनका पीछा मछलीशहर पुलिस कर रही है। सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस सक्रिय हो गई और बंधवा की दिशा में घेराबंदी शुरू कर दी।

ग्राम सभा चौकी खुर्द के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय के पास चिताव-भटेवरा मार्ग पर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश आरिफ घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दूसरा आरोपी मौके से भाग निकला।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ (32) निवासी लमहन थाना महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, दो कारतूस और एक बाइक बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरिफ कई आपराधिक मामलों में वांछित था। मीरगंज थाने में उसके खिलाफ पिकअप चोरी और भैंस चोरी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मछलीशहर थाने में भी वह एक अन्य मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

–आईएएनएस

एसएके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.