पुलवामा हमले को साजिश बताने वाली कांग्रेस देश से मांगे माफी : प्रकाश जावड़ेकर

Summary :

जावड़ेकर ने ट्वीट कर कहा, “पाकिस्तान ने माना कि पुलवामा में हमला उन्होंने किया। अब कांग्रेस वाले और बाक़ी लोग जो साजिश की बात करते थे उनको देश से माफी मांगनी चाहिए।”

सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को कहा है कि पुलवामा आतंकवादी हमले को साजिश बताने वाली कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। 

जावड़ेकर ने आज ट्वीट कर कहा, “पाकिस्तान ने माना कि पुलवामा में हमला उन्होंने किया। अब कांग्रेस वाले और बाक़ी लोग जो साजिश की बात करते थे उनको देश से माफी मांगनी चाहिए।”

पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी ने गुरुवार 29 अक्टूबर को पाकिस्तानी संसद में दिए अपने बयान में माना की पुलवामा आतंकवादी हमले में पाकिस्तान का हाथ था। उन्होंने पिछले साल पुलवामा में किए गए आतंकवादी हमले को पाकिस्तान और वहां के प्रधानमंत्री इमरान खान की उपलब्धि करार दिया है। पिछले साल 14 फरवरी को पुलवामा में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर आतंकी हमला किया गया था।
एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी कार सीआरपीएफ के काफिले से टकरा दी थी। इस धमाके में 40 जवान शहीद हो गए थे। पाकिस्तान के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद चौधरी ने नेशनल असेंबली में बहस के दौरान कहा, ”हमने हिंदुस्तान को घुस कर मारा। पुलवामा में हमारी कामयाबी, इमरान खान के नेतृत्व में इस देश की कामयाबी है। आप और हम सभी इस कामयाबी का हिस्सा हैं।”
इस दौरान जब उनके साथी सांसदों ने ”पुलवामा की सफलता” की उनकी बात पर आपत्ति जतायी तो मंत्री ने कहा कि ”पुलवामा की घटना के बाद” जिस तरह से पाकिस्तान ने भारत के क्षेत्र में घुसकर उसे निशाना बनाया, उससे भारत का सारा मीडिया शर्मसार हो गया।” हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व में ”पुलवामा की सफलता” के अपने बयान के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

पाकिस्तान का कबूलनामा, मंत्री फवाद चौधरी ने कहा- पुलवामा हमला इमरान सरकार की बड़ी उपलब्धि

Desk Team