सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और भाजपा नेताओं के काफिले पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जावड़ेकर ने कहा कि हमले के पीछे पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है।
उन्होने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता ऐसे हमले करवा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था खत्म हो गई है। ऐसे में हमारी मांग है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कानून व्यवस्था को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी लें। भाजपा पर हुए हमले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और वामपंथी समेत सभी विपक्षी दल चुप हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है।’
जावड़ेकर ने कहा कि कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले पर जिस तरह से हमला हुआ, वो बहुत निंदनीय है। गृह मंत्रालय ने रिपोर्ट मंगाई है लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार ही ऐसा माहौल बना रही है, ये लोकतंत्र नहीं है। बाकी विपक्षी पार्टियां अब क्यों चुप हैं? उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर राज्य में हमला हुआ था जिसके बाद रिपोर्ट तलब की गई थी। वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को 14 दिसंबर को तलब किया है।
माना जा रहा है कि राज्यपाल ने पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति और राजनीतिक हिंसा और अन्य अपराधों पर राज्य सरकार के रुख के बारे में विस्तृत रिपोर्ट दी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भांजे अभिषेक बनर्जी के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र डायमंड हार्बर में बृहस्पतिवार को नड्डा के काफिले पर हुए हमले के बाद केंद्र ने राज्यपाल से रिपोर्ट तलब की थी।


Download Android App
Download iOS App



